पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने चार राज्यों में प्रचंड जीत हासिल की है वहीं आम आदमी पार्टी ने भी पंजाब में अपनी सरकार बनाई है। चुनावी नतीजों के बाद पार्टियां आगे की रणनीति तय करने में लगी हुई हैं। इसी विषय पर हो रही डिबेट के दौरान एक पैनलिस्ट ने आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता व पत्रकार आशुतोष पर चुटकी ली।
दरअसल, यह डिबेट ‘न्यूज़ 24’ चैनल के कार्यक्रम ‘राष्ट्र की बात’ में हो रही थी। जिसमें राजनीतिक विश्लेषक संगीत रागी पत्रकार आशुतोष पर चुटकी लेते हुए कहा कि यह मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं लेकिन चुनाव के विषय में इनका मूल्यांकन गलत निकल जाता है। अगर आज यह आम आदमी पार्टी के साथ होते तो राज्यसभा के सदस्य बन जाते। कई बार उतावलापन बहुत नुकसानदायक होता है।
संगीत रागी की इस बात पर पैनल में मौजूद सभी लोग ठहाका मारकर हंसने लगे। संगीत रागी की बात पर एंकर मानक गुप्ता ने कहा कि अभी से आप उनके लिए दरवाजे क्यों बंद कर दे रहे हैं। क्या पता वह आम आदमी पार्टी में चले जाएं हालांकि उन्होंने हाथ जोड़कर कहा है कि वह राजनीति के लिए नहीं बने हैं। संगीत रागी ने इसके जवाब में कहा कि अगर उन्होंने मुझसे पूछा होता तो मैं इनको बड़ी पार्टी छोड़ने की सलाह नहीं देता।
संगीत रागी ने कांग्रेस नेता एनडी तिवारी, बीजेपी नेता कल्याण सिंह और कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह का जिक्र कर कहा कि उन्होंने पार्टी छोड़ी थी तो क्या हश्र हुआ था। आपको अरविंद केजरीवाल का साथ नहीं छोड़ना चाहिए था। आशुतोष ने इसके जवाब में कहा कि मैं आप की बात स्वीकार करता हूं। अगर मैंने उस समय राष्ट्रीय पार्टी ना छोड़ी होती तो आज राज्यसभा का सांसद जरूर बन जाता।
2018 में आशुतोष ने छोड़ दी थी आम आदमी पार्टी : जानकारी के लिए बता दें कि पत्रकारिता छोड़कर राजनीति में आए आशुतोष ने 2018 में आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के टिकट पर दिल्ली के चांदनी चौक से चुनाव लड़ा था। उन्होंने इस्तीफे के पीछे निजी कारण बताया था।