बारिश के मौसम में जमीन के अंदर रहने वाले जानवर बड़ी संख्या में बाहर निकलते हैं। इसमें सांप भी शामिल हैं। बारिश होने के बाद सांप अक्सर लोगों के घरों में घुस जाते हैं। ऐसा ही एक मामला हैदराबाद से सामने आया है जहां एक शख्स के घर में सांप घुस गया, उसने नगर निगम से मदद मांगी लेकिन मदद नहीं मिलने पर उसने पूरे ऑफिस में हंगामा मचा दिया।

घर में घुसा सांप लेकिन नगर पालिका से नहीं मिली मदद

मिली जानकारी के मुताबिक, हैदराबाद में बारिश के कारण एक शख्स के घर में सांप घुस गया था। वह नगर निगम में बार-बार फोन कर मदद मांग रहा था लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया और ना ही कोई ठीक जवाब मिला। भाजपा नेता के अनुसार, नगर निगम के अधिकारियों के रवैये से तंग आकर शख्स से सांप को पड़ा और निगम के ऑफिस में छोड़ दिया।

नगर पालिका ऑफिस में छोड़ा सांप

विक्रम गौड़ ने वीडियो शेयर कर बताया है ‘हैदराबाद के अलवल में नगर निगम के अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे थे। इसके बाद एक शख्स सांप को पकड़कर GHMC के वॉर्ड ऑफिस में पहुंचा और सांप को वहीं छोड़ दिया। यह सांप बारिश के दौरान उसके घर में घुस गया था। सोचिए वह इंसान कितना मजबूर हो गया होगा कि उसे ऐसा कदम उठाना पड़ा।’

इसके साथ भाजपा नेता ने एक वीडियो भी शेयर किया है जिसमें सांप एक टेबल पर रखा हुआ है और धीरे-धीरे आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है। वहीं दूसरी तरफ नगर निगम के अधिकारी और सांप लेकर पहुँचने वाले शख्स के बीच बहस भी हो रही है। इस मामले पर नगर निगम के अधिकारियों का अभी तक कोई बयान नहीं आया है।

बारिश के मौसम में सांप निकलने के कई मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें दिखाई दिया कि एक सांप एक शख्स के कपड़े में घुस गया है। हालांकि शख्स बिना हिले जस का तस बैठा रहा। एक अन्य शख्स की मदद से सांप खुद बाहर निकल गया था।