फ्लाइट के अन्दर हंगामा करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। अब एक न्यूयॉर्क से मुंबई आ रही फ्लाइट में एक व्यक्ति द्वारा हंगामा करने की खबर है। मिली जानकारी के मुताबिक, व्यक्ति ने अपनी पत्नी का गला दबाया। मुश्किल से सभी ने पत्नी को बचाया लेकिन पूरे फ्लाइट में शख्स की हरकत से दहशत मच गई थी।
बताया जा रहा है कि फ्लाइट के उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही व्यक्ति हंगामा करने लगा और फ्लाइट को लैंड कराने की डिमांड करने लगा। जब ऐसा नहीं हुआ तो उसने पत्नी का गला दबाया। क्रू मेम्बर्स ने किसी तरह व्यक्ति के हाथ से पत्नी का गला छुड़वाया। वहीं जब लगातार व्यक्ति हंगामा करता रहा तो डॉक्टर्स की मदद से व्यक्ति को बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया।
खबरों की मानें तो व्यक्ति उम्रदराज था। वह अचानक घबराहट से चीखने और चिल्लाने लगा। व्यक्ति का कहना था कि वह उतरना चाहता है। वह चिल्ला रहा था विमान का दरवाजा खोला जाए ताकि वह बाहर जा सके। जब ऐसा नहीं हुआ तो उसने क्रू मेम्बर्स को ही गाली देना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने पत्नी का गला ऐसे पकड़ा, जैसे कि वह घोंटना चाहता हो। क्रू मेम्बर्स ने उसे ऐसा करने से बचाया। वहीं यात्री की पत्नी इस घटना इतनी डर गई कि वह बिजनेस क्लास से कुछ देर के लिए इकोनॉमी क्लास में छिप गई।
हंगामा करने वाले व्यक्ति की पत्नी ने बताया कि उस व्यक्ति ने पैनिक अटैक वाली दवा लेना बंद कर दिया था, उसे जहाज में बैठने के बाद लेनी थी। शायद इसी वजह व्यक्ति से हंगामा कर दिया। हालांकि जब डॉक्टर्स ने इंजेक्शन दे दिया, इसके बाद फ्लाइट में शांति आई और गुरुवार को दोपहर करीब एक बजे मुंबई में लैंड हुई।
यह घटना एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-144 में हुई, जो स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 12.20 बजे न्यूयॉर्क से मुंबई के लिए रवाना हुई थी। हंगामा करने वाला व्यक्ति मुंबई का रहने वाला है जो कि एक व्यापारी हैं। इस पूरे घटनाक्रम पर एयर इंडिया की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।