असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं। कभी कांग्रेस के सिपाही रहे सरमा गांधी परिवार पर तीखा हमला बोलने के लिए भी जाने जाते हैं। अब हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर तंज कसा है। AAJTAK चैनल को दिए इंटरव्यू में हिमंत बिस्वा सरमा ने कई सवालों के जवाब दिए हैं।

गांधी परिवार पर बरसे असम सीएम

हिमंत बिस्वा सरमा से पूछा गया कि प्रियंका गांधी राजनीति में ठीक हैं या अशोक गहलोत? इसके जवाब में असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि मैं आप लोगों से बोलना चाहता हूं कि कुछ देर के लिए इस गांधी परिवार से बाहर निकलिए। जब हम गांधी के बारे में बात करते हैं तो हम सिर्फ महात्मा गांधी के बारे में बात करते हैं। ये गांधी परिवार क्या है? राजीव गांधी परिवार या महात्मा गांधी? गांधी परिवार मतलब मैं महात्मा गांधी का परिवार समझता हूं।

राहुल गांधी से दिक्कत क्या है?- असम सीएम का जवाब

राहुल गांधी से दिक्कत क्या है? यह सवाल पूछे जाने पर हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि प्रॉब्लम क्या है? जुड़े हुए भारत देश को जोड़ने की वो कोशिश कर रहे हैं। मतलब वो अप्रत्यक्ष रूप से भारत को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। वो पार्टी के अध्यक्ष नहीं हैं लेकिन पार्टी के अध्यक्ष की तरह बात करते हैं। आप दलित के घर जाते हैं, फोटो डालते हैं लेकिन दलित आपके घर क्यों नहीं आता?

गांधी परिवार पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने के सवाल पर हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि मैं गांधी परिवार पर कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करता। अगर वो सेना से सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगेंगे तो हमारे जवानों के मन में क्या लगेगा? असम सीएम ने कहा कि जब तक तिरंगा पकड़ कर नहीं लहरायेंगे,जब तक भारत माता की जय नहीं बोलेंगे या मन से भारतीयता का भाव नहीं आएगा, तब तक आप भारतीय नहीं बन पाएंगे।

बता दें कि हिमंत बिस्वा सरमा NRC को लागू करने, मदरसों पर कार्रवाई को लेकर कई बार सुर्ख़ियों में आ चुके हैं। असम सीएम की तुलना लोग योगी आदित्यनाथ से करने लगते हैं। दोनों के ऊपर धर्म के आधार पर राजनीति करने का आरोप लगता रहता है। हिमत बिस्वा सरमा पहले कांग्रेस में थे, राहुल गांधी से नाराज होकर उन्होंने पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया था। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हुए और अब असम के मुख्यमंत्री हैं और खुलकर अपने विचारों को रखने के लिए जाने जाते हैं।