हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार है और जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री हैं। भाजपा के सामने अपनी सरकार बचाने की चुनौती है। भारतीय जनता पार्टी पीएम मोदी के चेहरे के साथ चुनावी मैदान में हैं। बैनर और होर्डिंग पर पीएम मोदी की तस्वीर के साथ विदेशों में देश का मान-सम्मान और आतंकवाद का जिक्र किया जा रहा है। इस पर कांग्रेस ने तंज कसा है।

हिमाचल प्रदेश में लगे पीएम मोदी के पास्टर, भड़की कांग्रेस

भाजपा द्वारा लगाए गए पोस्टर-बैनर पर लिखा गया है कि 370 हटाने वाली भाजपा सरकार, आतंकवाद पर करारा प्रहार (हिमाचल की पुकार, फिर भाजपा सरकार)। बैनर को शेयर कर कांग्रेस नेत्री अलका लांबा ने तंज कसा है। उन्होंने लिखा कि अपनी डूबती नैया को पार लगाने के लिए जयराम ठाकुर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का सहारा ले रहे हैं। अपनी नहीं, PM की फोटो लगा रहे हैं। हिमाचल की जनता विधानसभा का चुनाव स्थानीय मुद्दों पर चाहती है, जिसे लेकर भाजपा डरी हुई है। कांग्रेस के हाथों अपनी हार को सामने देख बौखलाई हुई है।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

विनोद वर्मा नाम के यूजर ने लिखा कि पांच साल सरकार चलाने के बाद भाजपा की पुकार, कश्मीर के नाम पर हिमाचल में वोट दे दो यार। अंश वत्स ने लिखा कि जो मुख्यमंत्री अपने कार्य को नहीं गिनवा सकता, अपने चेहरे पर चुनाव नहीं लड़ सकता वो मुख्यमंत्री बनने के योग्य नहीं हैं। आज उनकी बौखलाहट दिखाई दे रही है। निशांत अग्रवाल ने लिखा कि आखिर अपने असली रूप में आ गए, जनता को अब समझ लेना चाहिए कि भाजपा और आम आदमी एक सिक्के के दो पहलू हैं पर एक ही है।

ऐसा लगता है कि जयराम ठाकुर चुनावी लाभ के लिए मोदी पर निर्भर होकर जमीनी स्तर पर काम कर पाने में अपनी विफलता को स्वीकार कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के लोग इतने समझदार हैं कि ऐसे अकुशल नेताओं की पहचान कर उन्हें बाहर कर सकते हैं। अबकी बार परिवर्तन निश्चित है। शहनवाज ने लिखा कि इनके मुंगेरी लाल के हसीन सपने लोगों के बर्दाश्त से बाहर हो गए हैं। बीजेपी की सरकार से उम्मीद कि लोग इनके सपने इन्हें वापस कर ही दम देंगे।

बता दें कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान दिवाली से पहले हो सकता है। दोनों ही राज्यों में बीजेपी सत्तासीन है, जबकि मुख्य विपक्ष की भूमिका में कांग्रेस है। हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को टक्कर देने के लिए कांग्रेस पूरी कोशिश कर रही है। कई कांग्रेस के नेता जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए मेहनत कर रहे हैं, वहीं बीजेपी की तरफ से सरकार की वापसी की बात कही जा रही है।