उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक स्कूल में उस वक्त हडकंप मच गया, जब खेल दिवस मनाने के लिए बड़ी संख्या में छात्र, अध्यापक और अभिवावक एकत्रित हुए थे। मैदान में खेल चल रहा था तभी एक हेलिकॉप्टर अचानक बिना किसी जानकारी के खेल मैदान की तरफ आ गया और वहीं पर लैंड हो गया।
मामला लखनऊ के लामार्टिनियर कॉलेज का है, जहां बुधवार को 139वां जूनियर स्कूल खेल दिवस कार्यक्रम हो रहा था। इसी बीच अचानक पोलो ग्राउंड में एक हेलिकॉप्टर पहुंच गया। हैरानी की बात ये है कि इस हेलिकॉप्टर को लेकर पहले से कोई जानकारी ही नहीं थी। इससे वहां हडकंप मच गया। छात्र और अभिभावक परेशान हो गए।
बताया गया कि हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। इससे ग्राउंड पर लगी स्क्रीन, खंभे, झंडे, छतरियां और शामियाने उखड़ गए। मैदान में धूल उड़ने लगीं। छात्र डर के मारे चीखने लगे। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो देखकर लोग भी हैरानी जता रहे हैं।
वहीं इस घटना के बाद लामार्टिनियर के प्रिंसिपल सी. मैकफारलैंड ने हेलिकॉप्टर के अचानक लैंडिग पर आक्रोश जताते हुए इस पूरे मामले पर सिविल एविएशन विभाग से शिकायत की है।छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की गई है। हालांकि अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया कि पायलट ने हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग क्यों की थी? मिली जानकारी के मुताबिक, लैंडिंग के कुछ देर बाद ही हेलिकॉप्टर दोबारा उड़ान भर वहां से चला गया।
आजतक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रिंसिपल ने कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब ऐसी घटना हुई है। मुख्यमंत्री के उपयोग के लिए खेल के मैदान के एक हिस्से का उपयोग हेलीपैड के लिए किया गया है। भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री के लिए उस अनुमति है लेकिन अन्य राजनीतिक पदाधिकारियों के लिए यह व्यवस्था नहीं है।
