हरियाणा के एक दंपति को बेटे की चाह इस कदर थी कि वह 19 साल से इसके इंतजार में थे। आखिरकार वह इंतजार खत्म हो गया और 10 लड़कियों के बाद एक लड़के का जन्म हुआ। यह मामला जींद जिले का है, जहां फतेहाबाद के रहने वाले एक दंपती को शादी के 19 साल बाद बेटा पैदा हुआ है। इस बेटे की चाह में यह दंपति 10 लड़कियों को पैदा कर चुके थे, लेकिन 11वीं संतान उनकी लड़का ही हुई। लड़के के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है। चौंकाने वाली बात यह है कि 11वीं संतान को जन्म देने वाली मां एकदम सुरक्षित है। इस महिला की 11वीं संतान यानी उनका पहला लड़का नॉर्मल डिलीवरी के जरिए हुआ।
12वीं क्लास में पढ़ती है उनकी बड़ी बेटी
फतेहाबाद जिले में भूना के गांव ढाणी भोजराज निवासी संजय 10 बेटियों के पिता बन चुके हैं। शादी के बाद से ही उन्हें बेटे की चाह थी, लेकिन वह अब जाकर पूरी हुई है। 10 बेटियों के पिता संजय बेटे होने की खुशी में बहुत ही ज्यादा उत्साहित हैं। उनका कहना है कि उन्हें बेटे की चाह पहले से ही थी। इसी चक्कर में 10 बेटियां हो गईं। हालांकि वह बेटियों को भी बेटों के समान ही पालते पोसते हैं। उनकी बड़ी बेटी की उम्र 18 साल हो चुकी है जो कि 12वीं कक्षा में पढ़ती है।
नॉर्मल हुई डिलीवरी
संजय ने अपनी पत्नी की 11वीं डिलीवरी घर से करीब 50 किलोमीटर दूर एक प्राइवेट अस्पताल में कराई। हैरानी वाली बात यह है कि 10 बेटियों को जन्म देने के बाद संजय की पत्नी ने 11वें बच्चे को भी नॉर्मल तरीके से ही जन्म दिया। हालांकि बच्चे में जन्म के वक्त खून की कमी थी, लेकिन डॉक्टरों ने उसे खून चढ़ाया। 10 बेटियों के बाद बेटे के जन्म से न सिर्फ माता-पिता खुश हैं बल्कि परिवार में भी अलग ही खुशी का माहौल है। संजय की मां पोते होने से बेहद खुश हैं।
बेटे का नाम रखा दिलखुश
फतेहाबाद के भूना के गांव ढाणी भोजराज के रहने वाले संजय की शादी 2007 में राजस्थान के भादरा में सुनीता से हुई थी। शादी के डेढ़ साल बाद उनके बेटी हुई थी। संजय ने बताया कि वह परिवार में अकेला है और बेटा चाहता था। मगर एक के बाद एक लड़कियां हुई। मगर उन लड़कियों को भगवान का आशीर्वाद समझा। इसके बाद अब 19 साल बाद 10 बेटियों के बाद बेटा पैदा हुआ है।
संजय का कहना है कि उनकी सभी बेटियां एक ही स्कूल में पढ़ती हैं। उनकी सबसे बड़ी बेटी 18 साल की है जो 12वीं में पढ़ती है। दूसरी बेटी 11वीं में है। संजय को अपनी सभी 10 बेटियों के नाम भी याद हैं और उन्होंने 11वें बच्चे यानी लड़के का नाम दिलखुश रखा है।
