भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) कश्मीर की तरफ बढ़ रही है। 20 जनवरी तक यह यात्रा कश्मीर में होगी। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब होते हुए यात्रा कश्मीर पहुंचने वाली है। इसी बीच अब हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज (Haryana Home Minister Anil Vij) ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में तो कुत्ते भी नही भौंके। अनिल विज का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भारत जोड़ो यात्रा पर क्या बोले अनिल विज?
हरियाणा सरकार में गृह मंत्री अनिल विज (Anil Vij) ने कहा कि यात्राएं पहले भी निकल चुकी हैं, सारी दुनिया उठकर आ जाती थी। जेपी की भी यात्रा निकली थी। वहीं ये निकलकर चले गए, कुत्ता भी नहीं भौंका। हर पार्टी का अपना-अपना काम है, करते रहें। उन्होंने कहा कि कई दिनों से प्रदेश में नौटंकी हो रही है और कोई इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। सोशल मीडिया पर लोग अनिल विज के बयान पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
एक यूजर ने लिखा कि अनिल जी के इस बयान से ही साबित हो रहा है कि यात्रा का हरियाणा में कितना प्रभाव रहा है। @Yadavnandu6 यूजर ने लिखा कि बेचारे चाह रहे थे कि कुछ हिंसा हो जिससे कि बतौर गृह मंत्री इन्हें पुलिसिया जोर और कार्रवाई करने का मौका मिले। @meSureshSharma यूजर ने लिखा कि कुत्ता समुदाय रोज मंत्री जी को रिपोर्ट करता है। “भारत जोड़ो यात्रा गुजर गई, कोई कुत्ता नहीं भौंका, जनाब!”
@pawan6791 यूजर ने लिखा कि वास्तविक लड़ाई भी इसी मानसिकता की है, शायद यह भूल गए कि जब भारत जोड़ों यात्रा हरियाणा से निकली थी तो उसमें हरियाणा की जनता के लाखों लोगों ने हिस्सा लिया था। @AmarKrSaxena5 यूजर ने लिखा कि पर कुत्ते का भौंकना क्यों जरुरी था विज साहब? वैसे प्यार करने वालो पर कुत्ते नहीं भौंकते, चोर उच्ककों पर भौंकते हैं। आपके शब्द और कृत्य से मिल नहीं रहे हैं। आप स्वयं में एक विरोधाभास व्यक्तित्व के परिचायक लग रहे हैं।
इससे पहले अनिल विज (Anil Vij On Bharat Jodo Yatra) ने कहा था कि इस यात्रा का भारत जोड़ो से कोई ताल्लुक नहीं है। इनके खून में भारत तोड़ो है। जब हिंदुस्तान आजाद हुआ तो इसके दो टुकड़े किए। कांग्रेस बताना चाहती है कि राहुल अब बच्चा नहीं रहा, बड़ा हाे गया है। मेकअप करने से कोई बड़ा नहीं होता। राहुल गांधी के हाफ टीशर्ट पहनने पर अनिल विज ने कहा था कि कांग्रेस के सभी नेताओं को भी उनके साथ आधी बाजू की टी-शर्ट में घूमना चाहिए।