2018 Asian Games, Google Doodle Today on २०१८ एशियाई गेम्‍स: इंडोनेशिया में शनिवार से एशियन गेम्स का 18वां एडिशन शुरू होने जा रहा है। इस मौके पर गूगल ने डूडल बनाकर एशियन गेम्स 2018 को सेलिब्रेट किया है। गूगल ने अपने डूडल में एशियन गेम्स में खेली जानी वाली खेलों को स्लाइड शो के जरिए पेश किया है। वेटलिफ्टिंग, आर्चरी और फुटबॉल जैसे गेम्स को दर्शाया गया है। बता दें कि इस बार ऐसा पहली दफा होगा जब एशियाई गेम्स का आयोजन दो शहर में किया जाएगा। 2 सितम्बर तक चलने वाले इस इवेंट में 40 खेलों की 67 स्पर्धाएं होंगी।

भारत तीरंदाजी, ऐथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, बोलिंग, ब्रिज, कैनोइ-कायक, साइक्लिंग, फेंसिंग, जिम्नैस्टिक, गोल्ड, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, कर्राटे, कुराश, पेनकाक सिलात, रोलर स्पोर्ट्स, टेनिस, ताइकवांडो, सॉफ्ट टेनिस, टेबल टेनिस, वॉलिबॉल, वेटलिफ्टिंग, रेसलिंग और वुशू जैसी करीब 36 खेलों में हिस्सा ले रहा है। एशियाई खेलों के 18वें संस्करण की मेजबानी करने वाले इंडोनेशियाई शहर जकार्ता के राष्ट्रीय संग्रहालय में इन खेलों में हिस्सा लेने आ रहे खिलाड़ियों और अधिकारियों को मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा। एशियाई खेलों की वेबसाइट पर इस बात की जानकारी दी गई है।

राष्ट्रीय संग्रहलय के मुखिया सिसवांटो ने शुक्रवार को कहा, “यह राष्ट्रीय संग्रहालय का 2018 में एशियाई खेलों में हिस्सा लेने आ रहे खिलाड़ियों के प्रति सम्मान जाहिर करने का तरीका है। इस संग्रहालय में जाकर खिलाड़ी इंडोनेशिया के बारे में जानेंगे।” वहीं इंडोनेशिया के सर्वाधिक धनी व्यक्ति माइकल बाम्बांग हरटोनो 18वें एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले सबसे उम्रदराज एथलीट होंगे। बाम्बांग 78 साल के हैं और वह ब्रिज के खेल में भाग लेंगे। बाम्बांग और उनके भाई बुदी हरटोनो फोर्ब्स मैगजीन की सूची में लगातार पिछले 10 वर्षो से इंडोनेशिया के शीर्ष-50 अमीर व्यक्तियों में शीर्ष पर रहे हैं।

बाम्बांग ने एशियाई खेलों की तैयारी के लिए यूरोप और अमेरिका में हाल ही में दो महीने का अपना ट्रायल पूरा किया है। उन्होंने कहा कि बिल गेट्स और चीन के दिवंगत नेता डेंग शियोपिंग भी ब्रिज खिलाड़ी रहे हैं। एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह आज धूमधाम से किया जाएगा। बता दें कि भारतीय समयानुसार एशियाई खेलों का उद्घाटन समारोह शाम 5.30 बजे शुरू होगा। इसके बाद, प्रतिस्पर्धा करने वाले देशों की टीमों की परेड निकलेगी। इस समारोह का समापन रात नौ बजे होगा।