कश्मीर में हाल ही में हुई बारिश एवं बर्फबारी के कारण रात के समय तापमान में वृद्धि और दिन में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने अगले 12 घंटे के भीतर और बर्फबारी और बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में रविवार रात न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 6.4 डिग्री अधिक है। वहीं, रविवार को अधिकतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम है।
उत्तरी कश्मीर का गुलमर्ग एकमात्र ऐसा मौसम केंद्र रहा जहां तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। इसके बावजूद इस स्की रिसॉर्ट का न्यूनतम तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से चार डिग्री अधिक रहा।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित पहलगाम रिसॉर्ट सहित अन्य मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस से 4.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि रविवार को घाटी में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे था। विभाग ने कश्मीर के ऊंचे इलाकों में मध्यम बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
पंजाब और हरियाणा में ठंड का दौर जारी
पंजाब और हरियाणा में सोमवार को भी ठंड का दौर जारी रहा, हालांकि दोनों राज्यों के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से कुछ डिग्री ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। लुधियाना में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से एक डिग्री ज्यादा है।
पंजाब के अन्य शहरों में भी ठंड की स्थिति बनी रही। पटियाला में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है वहीं पठानकोट में यह 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बठिंडा में 9.8 डिग्री, फरीदकोट में 8.8 डिग्री और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है।
हरियाणा में भी ठंड का प्रभाव रहा, जहां अंबाला में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। हिसार में 8.9 डिग्री और करनाल में नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दोनों ही शहरों में सामान्य से दो डिग्री अधिक है। हरियाणा के अन्य इलाकों में भी ठंड रही, नारनौल में न्यूनतम तापमान छह डिग्री, रोहतक में 10 डिग्री, भिवानी में सात डिग्री और सिरसा में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: दुनिया का सबसे बड़ा गर्म रेगिस्तान जहां गिरती है बर्फ
