दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह सिविल लाइंस स्थित उनके कार्यालय पर आयोजित ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हमला किया गया। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि आरोपी की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी राजेश भाईजी के रूप में हुई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, आरोपी व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस बीच दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने इसे सीएम को मारने की नियत से किया गया हमला बताया है।

कपिल मिश्रा ने कहा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला बहुत ही गंभीर मामला है यह कोई राजनीतिक हमला नहीं है यह मारने की नियत से किया गया हमला है, जिस तरह से मुख्यमंत्री जी को गिराकर मारने की कोशिश की गई है यह अपने आप में भयावह है। यह व्यक्ति मारने के इरादे से आया था इसके पास ना कोई कागज था ना कोई मुद्दा। इसके मोबाइल में घर की रेकी के वीडियो मिले है, यह व्यक्ति सिर्फ हमला करने के उद्देश्य से ही आया था।”

मंत्री ने आगे कहा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का मनोबल इन हमलों से कम नहीं हुआ है, मुख्यमंत्री महोदया जनसुनवाई के लिए, पहले से ज्यादा जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री जी ना रुकने वाली है , ना झुकने वाली है, न डरने वाली हैं।

पढ़ें- सीएम रेखा पर हमले को आप ने बताया गलत

मुख्यमंत्री कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और गृह मंत्रालय (MHA) को घटना की जानकारी दे दी गई है। वहीं, भाजपा की दिल्ली इकाई के सूत्रों ने कहा कि रेखा गुप्ता पर लगभग 35 वर्षीय व्यक्ति ने हमला किया। उन्होंने बताया कि व्यक्ति ने ‘जन सुनवाई’ के दौरान पहले मुख्यमंत्री को कुछ कागज दिए और फिर कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया।

सीएम रेखा गुप्ता इस घटना से घबराई हुई हैं- वीरेंद्र सचदेवा

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मुख्यमंत्री गुप्ता इस घटना से घबराई हुई हैं लेकिन वह ठीक हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आज सुबह ‘जन सुनवाई’ के दौरान मुख्यमंत्री हमेशा की तरह लोगों से बातचीत कर रही थीं तभी एक व्यक्ति उनके पास आया, उन्हें कुछ कागज दिए और अचानक उनका हाथ पकड़कर उन्हें अपनी ओर खींचने की कोशिश की।’’

सचदेवा ने कहा, ‘‘हाथापाई के बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस उसकी पहचान और अन्य जानकारियों की जांच कर रही है।’’ दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने उन खबरों का खंडन किया कि मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा गया या उन पर पत्थर फेंके गए। उन्होंने कहा कि राजनीति में ऐसी घटनाएं अस्वीकार्य हैं और ‘जन सुनवाई’ जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि वह अभी आराम कर रही हैं और उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपने निर्धारित कार्यक्रम रद्द नहीं करेंगी। पढ़ें- दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हमला