कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रविवार को झांसी और लखनऊ में मैराथन का ऐलान किया था, लेकिन मैराथन केवल झांसी में आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रशासन में लखनऊ में मैराथन कराने की इजाजत नहीं दी है। झांसी के कार्यक्रम से एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर तंज कसा है।

दरअसल प्रियंका की रैली से जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें कुछ लड़कियां मोदी का नारा लगाते नजर आ रही हैं। इस वीडियो को बीजेपी यूपी के ट्विटर एकाउंट से शेयर किया गया है। इसके साथ ही कई बीजेपी नेताओं ने भी इस वीडियो को शेयर किया है। यूपी बीजेपी की तरफ से इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा गया कि झांसी में प्रियंका वाड्रा की रैली में आई लड़कियों के दिल और जुबान पर एक ही नाम। मोदी… मोदी.. मोदी।

बीजेपी नेता मनोज तिवारी ने लिखा – हेलो प्रियंका जी ये यूपी की लड़कियां हैं… ये सही बात पर लड़ना जानती हैं। इस वीडियो पर कई आम यूज़र ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। अनीता शुक्ला नाम की यूजर लिखती हैं कि प्रियंका गांधी ये वीडियो नहीं देखेंगी। जब हार जाएंगी तो कहेंगी कि ईवीएम हैक कर ली थी। अशोक तिवारी नाम के यूजर ने लिखा लड़की हो तो सबसे पहले राजस्थान में जाकर लड़ो। उत्तर प्रदेश में लड़कियों को जरूरत नहीं है। खुद की रैली में मोदी मोदी के नारे से भी आपको समझ में नहीं आ रहा है।

रेखा नाम की यूजर ने कमेंट किया कि प्रियंका गांधी जी भाड़े की भीड़ इकट्ठा करेंगी तो यही होगा। आपका अपना संगठन तो उत्तर प्रदेश में बचा ही नहीं है। ईश्वर सिंह लिखते हैं कि बीजेपी वाले केवल फेक न्यूज़ फैलाते हैं, जरा पूरा वीडियो तो शेयर कीजिए। ललित त्रिपाठी नाम के ट्विटर यूजर ने कमेंट किया कि मोदी और योगी लोगों के दिलों में बसते हैं। प्रियंका जी जरा यह बात भी तो समझिए।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक है। ऐसे में प्रियंका गांधी अपनी पार्टी को मजबूत करने के लिए जनता के बीच पहुंच रही हैं। इस बार के चुनाव में उन्होंने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी 40% महिलाओं को टिकट देगी। बता दें कि झांसी में आयोजित महिला मैराथन को प्रियंका गांधी ने ट्वीट के जरिए बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा था कि आप लड़कियों को नियंत्रित करने जैसी महिला विरोधी बात करते हो, इसलिए आपने लखनऊ में लड़कियों की मैराथन नहीं होने दी।