देश के कई राज्य बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में हैं। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन की लगातार खबरें सामने आ रही हैं। भूस्खलन होने की वजह से कई क्षेत्रों से संपर्क टूट गये हैं। कई यात्री भी फंसे हुए हैं। इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें भूस्खलन की जगह पर दो लड़कियां डांस करते दिखाई दे रहे हैं।
भूस्खलन के बीच डांस करती लड़कियों का वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सड़क पर पहाड़ों का मिट्टी वाला पानी बह रहा है और भूस्खलन की वजह से आवाजाही बाधित हुई है। लोग सड़क के साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। एक जेसीबी मशीन सड़क को साफ कर रही है। तभी दो लड़कियां पानी के बीच जाती है और रील बनाने लगी हैं।
रील्स बनाती दिखी लड़कियां
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दो लड़कियां भूस्खलन वाली जगह पर जाती है और पानी के बीच में खड़े होकर डांस करती नजर आ रही हैं जबकि एक लड़का छाता लेकर वीडियो बनाता दिखाई दे रहा है। दोनों लडकियों के डांस करने का वीडियो @trollpokhara नाम के इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया गया है, जो अब वायरल हो रहा है।
वीडियो देखने के बाद लोग इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुमार रंजन ने वीडियो देखने के बाद लिखा, ‘बस इतना ही कांफिडेंस चाहिए मुझे जिन्दगी में।’ उर्वशी ने लिखा, ‘लोग वीडियो बनाने के चक्कर में सबकुछ भूल चुके हैं।’ एक अन्य ने लिखा, ‘इतने लोग किसी तरह घर जाने का इतंजार कर रहे हैं और ये दोनों लड़कियां समय का सदुपयोग कर रही हैं।’
एक अन्य इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा, ‘इसे कहते हैं आपदा में अवसर खोजना।’ एक अन्य ने लिखा, ‘ये सुरक्षित नहीं है, क्या ये लोग पागल हैं जो अपनी जान जोखिम में डाल रही हैं।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘मुझे लगा था कि ये लड़कियां बारिश में गिरेंगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं। खैर भगवान उनको सद्बुद्धि दो।’ एक अन्य ने लिखा, ‘असल में इसे कहते हैं आपदा में अवसर तलाशना।’