24 अक्टूबर को देश भर में रावण दहन किया गया। हालांकि उत्तर प्रदेश के कई जगह मेले में सांड घुसने से भगदड़ मच गई। एक मेले में सांड घुसा और लोगों पर हमला भी कर दिया। वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रावण दहन के दौरान मैदान में सांड घुसने का वीडियो शेयर कर तंज कसा है।
बताया जा रहा है कि गाजियाबाद के मोदी नगर में रावन दहन से पहले मेले में कई सांड घुस गए। वीडियो में सांड रावण के पुतले के आस पास घूमता दिखाई दे रहे हैं। चार-पांच सांड रावण के पुतले के पास पहुंच गए और लड़ने लगे। सांड की लड़ाई में रावण का पुतला गिरने से बचा। सांड के आगे प्रशासन के लोग भी घुटने टेकते दिखाई दिए। इसके बाद कुछ युवकों ने सांड को वहां से भगाया।
वीडियो शेयर कर क्या बोले अखिलेश यादव?
यह वीडियो शेयर कर सपा अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, ”प्रशासन का कार्य मेलों के लिए न केवल अनुमति देना बल्कि सुरक्षा व्यवस्था देखना भी होता है। यदि मेले में खुले घूमते हुए अन्ना पशु मेला प्रशासन और पुलिस को नहीं दिख रहे हैं तो उन असामाजिक तत्वों से जनता की सुरक्षा कैसे होगी जो दिखते भी नहीं हैं। जनता की हिफ़ाज़त करना सरकारों का सबसे संवेदनशील कर्तव्य होता है।”
मेले में सांड घुसने का एक और वीडियो शेयर कर अखिलेश यादव ने लिखा, “भाजपाई मंत्री जी ये देखकर, बहुत हुए हैरान, मेले में जब जा पहुँचा सांड, करने उन्हें प्रणाम।” बताया जा रहा है कि ये वीडियो चंदौली का है, जहां रावण दहन कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पाण्डेय पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में भी सांड घुस गया। हालांकि किसी तरह लोगों ने सांड को भगाया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक तरफ जहां खुले में घूम रहे जानवरों को गौशाल में रखे जाने की बात कहते रहे हैं तो वहीं विधानसभा में विपक्ष के नेता अखिलेश यादव खुले में घूम रहे जानवरों का वीडियो शेयर सरकार और प्रशासन के दावे की पोल खोलते रहते हैं। अब मेले में घुसे सांड के वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं।