उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दुकान के कमर्चारियों से मारपीट को लेकर एक ADM विवादों में आ गये हैं। विवाद की शुरुआत एक ज्वेलरी शॉप से होती है। ADM की पत्नी ज्वेलरी शॉप पर खरीददारी के लिए पहुंची थी, जहां उनकी कर्मचारी से विवाद हो गया था। इसके बाद ADM अपने गनर के साथ ज्वेलरी शॉप के अंदर घुस गए और मारपीट की, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

ADM की पत्नी और कर्मचारियों के बीच हुआ था विवाद

सामने आये वीडियो में दिखाई दे रहा है कि ADM अपने सहयोगियों और गनर के साथ दुकान के अंदर दाखिल हो रहे हैं। वहां वह कुछ लोगों से बातचीत करते हैं। बातचीत के दौरान भी ADM अपनी शर्ट की बाजू को ऊपर चढ़ाते भी दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक ADM के सामने खड़े होकर हाथ जोड़कर माफ़ी मांगता हुआ नजर आ रहा है, संभवतः यह दुकान का कर्मचारी है।

खुद इंतकाम लेने निकल पड़े ADM

ADM, कर्मचारी के हाथ जोड़ते हुए उस पर थप्पड़ों की बरसात कर देते हैं। दुकान में लगे सीसीटीवी पर यह पूरी घटना कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग अब अधिकारियों के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं और पूछ रहे हैं कि आखिर कर्मचारी ने ADM की पत्नी के साथ ऐसा क्या अपराध कर दिया था कि खुद ADM इंतकाम लेने निकल पड़े।

बताया जा रहा है कि ADM की पत्नी ज्वेलरी शॉप पर खरीददारी करने के लिए गाजियाबाद पहुंची थी। ADM दूसरे जिले में तैनात हैं लेकिन विवाद की बात सुनकर वह करीब 130 किमी से चलकर दुकान पहुंच गए और मारपीट की। यह सब तब हुआ जब ADM के कहने पर गाजियाबाद पुलिस ने दोनों कर्मचारियों को उठाकर थाने ले गई और दिनभर थाने में बिठाने के बाद माफीनामा लिखावाकर छोड़ दिया था।

सोशल मीडिया पर ADM की हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, सोशल मीडिया पर लोग अधिकारी पर भड़के हुए हैं। कुछ लोगों ने दावा किया कि ADM की पत्नी ने कमर्चारियों पर कुछ टिप्पणी करने का आरोप लगाया था, इसी बात से वह नाराज हो गई थीं और बहस हो गई थी। खबरों के अनुसार, कर्मचारियों ने कहा है कि उन्होंने ADM की पत्नी पर कोई टिप्पणी नहीं की थी। अचानक वह नाराज हो गईं और बहस करने लगीं थीं।