अक्सर बारिश के मौसम में हमें नदी और झरने से दूर रहने की सलाह दी जाती है। इसके पीछे कई कारण होते हैं, जैसे तेज बहाव, भूस्खलन और अचानक जलस्तर में वृद्धि आदि! उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में अक्सर भूस्खलन की खबर आती है। इसी बीच अब उत्तराखंड के चमोली पुलिस ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसे देखने के बाद आपके भी रोंगटे खड़े हो जायेंगे।
झरने में नहाते वक्त ऊपर से गिया मलबा
चमोली पुलिस द्वारा एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें कुछ लोग झरने के पानी में नहाते दिखाई दे रहे हैं। ऊपर से पानी गिर रहा है और नीचे लोग नहा रहे हैं लेकिन उन्हें बिलकुल भी अंदाजा नहीं था कि उनके साथ एक बड़ी दुर्घटना होने वाली है। कुछ ही देर में झरने के पानी के साथ एक बड़ा पत्थर का टुकड़ा नीचे गिरता है। यह उसी जगह गिरता है जहां लोग नहा रहे थे।
चमोली पुलिस ने लोगों को किया आगाह
पत्थर के गिरते ही वहां चीख पुकार मच गई। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह घटना कहां की है और कब की है। इस घटना में कितने लोगों को चोट आई, इसकी भी जानकारी नहीं है। हालांकि वीडियो शेयर कर चमोली पुलिस ने लोगों को आगाह करते हुए लिखा है कि बरसात के मौसम के दौरान पहाड़ों में झरनों के नीचे नहाने से बचें।
सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘लोग सोचते हैं कि ये हमारे साथ नहीं हो सकता, लापरवाही जानलेवा है।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘बरसातों में पहाड़, वहां का मौसम, प्राकृतिक छटा जितने सुंदर दिखते हैं, वहीं भूस्खलन और बाढ़ का डर भी हमेशा बना रहता है। जाएं तो सावधानी बरतें, अन्यथा मत जाएं।’ एक अन्य ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘हालांकि यह वीडियो शायद पुराना है लेकिन लोगों को सावधान करने के लिए यह एक बढ़िया उदाहरण है।’
@nanditathhakur यूजर ने लिखा, ‘मुझे सचमुच यह समझ में नहीं आता कि लोग इतना जोखिम क्यों लेते हैं या मौत इंसान को जगह ले जाती है?’ @tabishh_husain यूजर ने लिखा, ‘सावधानी बहुत जरूरी है। खराब मौसम में झरनों के नीचे नहाना कितना खतरनाक हो सकता है।’