Sironj Farmer Viral Video: मध्य प्रदेश के सिरोंज से एक दिल दहला देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स खेत में बेसुध पड़ा दिख रहा है। वहीं, एक महिला जो उसकी पत्नी है उसके पास बैठे विलाप कर रही है। वो चीख-चीखकर रो रही है। मदद की गुहार लगा रही है। शख्स को उठाने की कोशिश कर रही है। लेकिन शख्स उठता नहीं है। इस बीच पुलिस के भी कुछ जवान आते हैं। शख्स को होश में लाने की कोशिश करते हैं। आइये समझते हैं कि पूरा माजरा क्या है।
30 बीघे की फसलों को नष्ट कर दिया
दरअसल, विदिशा जिले के सिरोंज तहसील में स्थानीय प्रशासन द्वारा एक किसान की खड़ी फसल पर ट्रैक्टर चला दिया गया। अपनी मेहनत को रौंदा जाता देख किसान को सदमा लगा और वो खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़ा। पति को बेसुध हुआ देख पत्नी विलाप करने लगी। उसने अधिकारियों से रुकने की गुहार लगाई। हालांकि, प्रशासनिक कार्रवाई नहीं रुकी। प्रशासन ने लगभग 30 बीघे की फसलों को नष्ट कर दिया।
यह भी पढ़ें – दूल्हे को लड़की वाले चढ़ाने लगे लाखों की गड्डी, लड़के ने एक रुपये और नारियल लेकर की शादी, इमोशनल हो गए दुल्हनिया के पिता
लोकल मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घटना तहसील के केटन बांध क्षेत्र में हुई। कार्रवाई के संबंध में अधिकारियों ने दावा किया कि जमीन पर अतिक्रमण किया गया था। किसान के पट्टों को दो साल पहले रद्द कर दिया गया था।
नियमों के अनुसार ही कार्रवाई की है – अधिकारी
विकास अग्रवाल (स्थानीय राजस्व अधिकारी) ने कहा, “ये सरकारी जमीन थी। ऐसे में इसे अतिक्रमण मुक्त करना जरूरी था और विधि सम्मत भी। हमने नियमों के अनुसार ही कार्रवाई की है।” हालांकि, पीड़ित किसान मूलचंद ने दावा किया कहा कि उन्होंने अक्टूबर में ही उक्त जमीन के लिए जुर्माना जमा किया था। सबूत के तौर पर उनके पास एक रसीद है। जुर्माना देने के बावजूद प्रशासन ने उनकी फसल नष्ट कर दी।
यहां देखें वायरल वीडियो –
रिपोर्ट के अनुसार बेहोश होने के संबंध में मूलचंद ने कहा, “जब मैंने अपनी मेहनत की फसल पर ट्रैक्टर को भागते हुए देखा, तो मैं इसे सह नहीं सका। मुझे दिल का दौरा पड़ा और बेहोश हो गया। जब मैं होश में आया तो देखा कि मेरी फसल नष्ट हो चुकी थी।”
यह भी पढ़ें – बेटी के लिए ऑटो ड्राइवर बन गई दिल्ली की नीलम, आंखें नम कर रही ‘साहसिक कदम’ के पीछे की कहानी
घटना के वायरल वीडियो ने विवाद को जन्म दे दिया है। किसानों के बीच इस तरह की प्रशासनिक कार्रवाई से नाराजगी है। विपक्ष भी सरकार को इस घटना को लेकर घेर रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमल नाथ ने इस कार्रवाई की निंदा की। साथ ही इसकी तुलना किसानों के खिलाफ ब्रिटिश-युग के अत्याचारों से की।