पाकिस्तान से गैरकानूनी तरीके से भारत आने वाली सीमा हैदर अब ग्रेटर नॉएडा में सचिन के साथ रह रही हैं। अपने चार बच्चों के साथ भारत आईं सीमा हैदर ने खूब सुर्खियां बटोरीं। अब एक और महिला अपने तीन बच्चों के साथ बॉर्डर पार कर अपने प्यार के तलाश में भारत आई। हालांकि यहां आकर उसे पता चला कि जिसके लिए वह भारत आई है वह बेवफा है।
दिलरुबा नाम की एक महिला अपने प्यार के लिए बांग्लादेश से भारत आ गई। हालांकि जब वह अपने प्रेमी के पास पहुंची तो हंगामा खड़ा हो गया। दिलरुबा को पता चला कि उसका प्रेमी तो धोखेबाज है। दिलरुबा की दोस्ती टिकटॉक के जरिए यूपी के अब्दुल करीम से हुई थी। दोनों में अच्छी बातचीत होती थी। जब दोनों में बातचीत शुरू हुई तो अब्दुल करीम नेपाल बॉर्डर के पास एक बेकरी पर काम करता था।
बात नहीं हो पाई तो घर पहुंच गई दिलरुबा
घर से दूर रहे अब्दुल करीम और दिलरुबा के बीच में दोस्ती काफी आगे बढ़ गई। अब्दुल करीम ने बताया कि अभी उसकी शादी नहीं हुई है तो वहीं दिलरुबा ने बताया था कि उसके पति की मौत हो गई और वह तीन बच्चों के साथ रहती है। इसके बाद दोनों एक दूसरे के लिए प्यार जताने लगे। हालांकि कुछ दिन बाद अब्दुल करीम नेपाल बॉर्डर से अपने घर श्रावस्ती आ गया। इससे उसकी बातचीत दिलरुबा से नहीं हो पा रही थी। इधर दिलरुबा परेशान हो गई और उसने भारत आने का फैसला किया।
दिलरुबा ने भारत आने के लिए वीजा अप्लाई कर दिया। वीजा मिलते ही वह बॉर्डर पार कर भारत आ गई और सीधे श्रावस्ती पहुंच गई। दिलरुबा को अब्दुल करीम के गांव के बारे में जानकारी थी तो वह सीधे उसके गांव पहुंची। दिलरुबा के पहुंचते ही अब्दुल करीम के घर पर बवाल हो गया क्योंकि वह पहले से शादीशुदा था और उसका एक आठ साल का बेटा भी था। दिलरुबा को पता चल गया कि उसके साथ धोखा हुआ है तो वहीं अब्दुल करीम की पत्नी भी आक्रोशित हो उठी।
विवाद अधिक बढ़ता देख मामला पुलिस तक भी पहुंचा। पुलिस ने बांग्लादेश से आई दिलरुबा के कागजात को चेक किया तो सभी वैध थे। मतलब दिलरुबा गैरकानूनी तरीके से भारत नहीं आई थी। हालांकि दिलरुबा ने अब वापस बांग्लादेश जाने का फैसला किया है, क्योंकि जिसके लिए वह भारत आई थी वह धोखेबाज निकला।