मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में नेता जमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस और बीजेपी के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिल रही है। एक दिन में नेता कई सभाओं को संबोधित कर रहे हैं और अपने लिए वोट मांग रहे हैं। चुनाव प्रचार करने जा रहे दिग्विजय सिंह का हेलिकॉप्टर रास्ता भटक गया, नीचे खड़े लोगों ने फोन कर उसे रास्ता बताया।
मध्य प्रदेश के आगर मालवा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने दिग्विजय सिंह पहुंचने वाले थे लेकिन उनका हेलिकॉप्टर रास्ता ही भटक गया। आसमान में हेलिकॉप्टर काफी देर तक मंडराता रहा लेकिन हैलीपैड ही नहीं मिल रहा था। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ता परेशान हो गए और सीधे हेलिकॉप्टर में बैठे दिग्विजय सिंह को फोन लगाया।
कांग्रेस कार्यकर्ता ने दिग्विजय सिंह को थोड़ा लेफ्ट, थोड़ा राईट कराते हुए कार्यक्रम स्थल तक बुलाया। अंत में फोन पर मिले डायरेक्शन के मुताबिक हेलिकॉप्टर हैलीपैड तक पहुंचा। प्रदेश महासचिव गुड्डू लाला ने जब देखा कि हेलिकॉप्टर किसी और दिशा में जा रहा है तो उन्होंने दिग्विजय सिंह को फोन लगाया और दिशा बताने लगे।
वहीं बुरहानपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने 130 सीटें जीत कर सौ फीसदी कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की 130 से अधिक सीटें आएंगी और कमलनाथ जी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी। दिग्विजय सिंह ने खुद को सीएम की रेस से बाहर बताया है।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में एक ही चरण में मतदान होगा। 17 नवंबर को मध्य प्रदेश की जनता मतदान करने वाली है। 3 दिसंबर को चुनाव के नतीजे सामने आएंगे। मध्य प्रदेश में 5 करोड़ 60 लाख 60 हजार 925 मतदाता नई सरकार के लिए वोट डालने के लिए आएंगे।