मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह शुक्रवार को प्रदेश के धार जिले में अपनी पत्नी अमृता सिंह के साथ देखे गए। दिग्विजय सिंह अपनी पत्नी के साथ धार जिले का मांडू टूरिस्ट प्लेस का पर्यटन कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ दूरी बनाते हुए पूरा वक्त अपनी पत्नी के साथ मांडू घूमने में बिताया। दिग्विजय सिंह ने पत्नी के साथ वहां के प्रसिद्ध राम मंदिर में भगवान राम-जानकी के दर्शन किए और इसके बाद उन्होंने मांडू का भ्रमण किया। दिग्विजय सिंह पत्नी अमृता की तस्वीरें भी लेते दिखें। प्रदेश के पूर्व सीएम ने वहां आए पर्यटकों और बच्चों साथ सेल्फियां भी खिंचवाई।

दरअसल दिग्विजय सिंह धार जेल में बंद नर्मदा बचाओ आंदोलन की नेता और सोशल एक्टिविस्ट मेधा पाटकर से मिलने पहुंचे थे। जेल से बाहर निकलने के बाद उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान संवाद करने की जगह भय और आतंक का माहौल बना रहे हैं।

मेधा पाटकर 27 जुलाई से धार जिले के चिखल्दा में मेधा उपवास पर बैठीं थी। उनके उपवास के 10 दिन तक तो प्रशासन और सरकार ने गौर नहीं किया, मगर हालत बिगड़ने पर उन्हें भारी पुलिस बल का प्रयोग कर जबरिया उपचार के नाम पर इंदौर के बॉम्बे अस्पताल ले जाया गया।मेधा को आईसीयू में रखा गया और किसी से मिलने नहीं दिया गया। वे जब इंदौर से कार से बड़वानी जा रही थीं, तो उन्हें धार जिले की सीमा में शांति भंग होने की आशंका के चलते गिरफ्तार कर धार जेल भेज दिया गया था।