अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर की पूरे विश्व में चर्चा हो रही है। राम मंदिर का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसी बीच 9 अप्रैल को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस अपने तमाम नेताओं के साथ अयोध्या पहुंचे और भगवान राम के दर्शन किये। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हेलिकॉप्टर से राम मंदिर निर्माण का वीडियो शेयर किया है, जिस पर लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
देवेंद्र फडणवीस ने शेयर किया वीडियो
देवेंद्र फडणवीस ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें वह हेलीकॉप्टर में बैठकर राम मंदिर का वीडियो बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में जो गाना लगाया गया है उसके बोला इस प्रकार है-“चलो अयोध्या धाम में, मंदिर के निर्माण में। जय अयोध्या धाम की, अब बाबर की छाती पर भगवा रंग चढ़ने वाला है”। ट्विटर पर देवेंद्र फडणवीस के इस वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
आ रहे ऐसे कमेंट्स
@VivekAN4 यूजर ने लिखा कि जिस राज्य सरकार को मैं अपना बहुत सारा टैक्स चुकाता हूं, वहां के डिप्टी सीएम टाइम पास कर रहे हैं जबकि हल्की बारिश के कारण प्रमुख शहरों की सभी सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। @VijaysMusings यूजर ने लिखा कि भाजपा सरकार के मंत्री राम मंदिर के लिए जनता के पैसे पर क्यों उड़ रहे हैं? धर्म एक निजी मामला है इसलिए ऊपर से वीडियो बनाने के लिए व्यक्ति को अपना पैसा खर्च करना चाहिए। @aanandsg यूजर ने लिखा कि ऊपर से राम मंदिर के निर्माण को देखने के लिए सुंदर वीडियो है। हमें गर्व महसूस होता है कि हमारी पीढ़ी इसे देख रही है। 10 साल पहले किसी ने नहीं सोचा होगा कि मंदिर बनेगा।
@DharendraDr यूजर ने लिखा कि महोदय, आजकल ऐसी तस्वीरें/वीडियो ड्रोन से क्लिक किए जा सकते हैं। टैक्सपेयर का पैसा क्यों बरबाद करें, निजी विज्ञापन के लिए इतना ईंधन क्यों जलाएं? @Dinesh64665973 यूजर ने लिखा कि ये पर्सनल विजिट थी या ऑफिशियल। चॉपर का खर्च किसने किया, आपने अपनी जेब से या जनता के टैक्स के पैसे से? एक अन्य यूजर ने लिखा कि थोड़ा सा ध्यान मूम्बई पर भी दे दीजिये।
वहीं अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि पूरी महाराष्ट्र सरकार राम मंदिर का दर्शन करने आई है, इससे कुछ लोगों को दर्द हुआ है। देश में कुछ लोगों को हिंदुत्व से समस्या है। राम मंदिर हमारी आस्था का विषय है और यह कोई राजनीतिक विषय नहीं है। राम मंदिर में हजारों की संख्या में रामभक्त पहुंचे हैं। यहां पूरा वातावरण राममय हो गया है। ऐसे में बड़ी संख्या में यहां आए लोगों का मैं धन्यवाद करता हूं।