हर साल की तरह इस साल भी दिल्ली वालों ने यमुना नदी में बहने वाली जहरीली झाग के बीच छठ पूजा मानया। दावों के बावजूद अस्था के महापर्व से पहले दिल्ली सरकार नदी को साफ करने में असफल रही। लोग झाग के बीच ही सूर्य देवता की उपासना करते हुए दिखे।

वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा

वहीं, कुछ महिलाएं तो उस झाग को शैम्पू समझकर बालों में घिसती हुई भी दिखीं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में महिलाएं यमुना नदी में नहाते हुए दिख रही हैं। इस दौरान एक महिला नदी में बह रही झाग को सिर में मलते हुए दिख रही है।

वीडियो के वायरल होने पर यूजर्स ने चिंता व्यक्त की है। जबकी कुछ लोगों ने फनी कमेंट किए हैं। एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट कर लिखा, “अगर हम सचमुच लोगों, कानून और इस देश की परवाह करते हैं, तो बहुत से लोगों को इसके लिए दंडित किया जाना चाहिए!”

दूसरे यूजर ने लिखा, “शिक्षा यहां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह देखकर बहुत दुख होता है कि लोग इस पानी का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन उन्हें इस बात की जानकारी नहीं होती कि उन्हें किन स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।” वहीं एक अन्य ने लिखा, “झाग का नहीं पता इन लोगों को लेकिन पानी तो दिख रहा है न कि गंदा है। इन्हें शायद पता ही नहीं है कि इनके लिए ये कितना टॉक्सिक है।”

बिगड़ गई थी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की तबीयत

गौरतलब है कि बीते दिनों दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आप सरकार को यमुना की गंदगी के मुद्दे पर घेरते हुए यमुना नदी में डुबकी लगाई थी। इस घटना के बाद बीजेपी नेता शाजिया इल्मी ने बताया कि प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष की तबीयत खराब हो गई है। उन्होंने आप पर जमकर निशाना भी साधा था।