जानवरों के बीच लड़ाई तो आपने देखी होगी, जानवरों के बीच प्रेम को दिखाने वाले वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। अब एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसे देखने के बाद आप भी यकीन नहीं कर पाएंगे। वीडियो में एक खतरनाक सांप को एक गाय चाट रही है। सांप इतना खतरनाक है कि अगर एक बार डस ले तो गाय की मौत भी हो सकती है।

सांप और गाय का वीडियो हो रहा वायरल

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कोबरा सांप गाय के पास है। गाय सांप को सूंघने की कोशिश कर रही है। गाय के पास जाने से सांप चौकन्ना हो गया और फन निकाल लिया लेकिन गाय पीछे नहीं हटी। इसके बाद गाय सांप के फन को चाटने लगती है। यह वीडियो देखकर आपके भी रौंगटे खड़े हो जायेंगे क्योंकि अगर सांप एक बार गाय को डस लेता तो उसकी मौत हो सकती थी।

वीडियो देख खड़े हो जायेंग रोंगटे

वीडियो में दिख रहा सांप कोबरा प्रजाति का है, जो बेहद खतरनाक माना जाता है। हालांकि गाय और सांप दोनों एक दूसरे के पास भाग नहीं रहे हैं जबकि अधिकतर ऐसा नहीं होता है। सांप को देखते ही पालतू जानवर परेशान हो जाते हैं और वह भागने की कोशिश करते हैं लेकिन इस वीडियो में गाय और सांप के बीच दोस्ती जैसा माहौल दिखाई दे रहा है।

इस वीडियो को IFS अधिकारी सुशांत नंदा ने शेयर किया है जिस पर लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘मुझे तो इसकी उम्मीद ही नहीं थी कि कोई जानवर ऐसा भी कर सकता है।’ एक अन्य ने लिखा, ‘गाय और सांप का ये व्यवहार कमाल का है। उनकी अपनी एक भाषा है, जो मानवीय समझ से परे है।’ शुभम सिंह ने लिखा, ‘महर्षि पतंजलि योग दर्शन में लिखते हैं अहिंसा का पालन करने से बैर का त्याग हो जाता है, साक्षात दिखाई दे रहा है।’

एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘मुझे तो यह सच नहीं लग रहा है, क्योंकि जब एक सांप गाय के पास हो तो वीडियो कैसे बना सकता है?’ मानस नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘वीडियो बनाने वाले शख्स को चाहिए था कि वह सांप के जहर से गाय को बचाता लेकिन उसने ऐसा नहीं किया।’ एक अन्य ने लिखा, ‘सांप में भावनाएं नहीं होतीं, मस्तिष्क का वह भाग जहां भावनाएं बनती हैं, वह सांप के मस्तिष्क में है ही नहीं, ऐसे ट्वीट क्यों कर रहे हैं?’