ट्रेन में लड़ाई, झगड़े, प्यार, तकरार, रील्स बनाने के कई वीडियो सामने आ चुके हैं। कुछ वीडियो को लेकर लोगों ने नाराजगी भी जताई लेकिन अब ट्रेन में शादी का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन में यात्री मौजूद हैं। इसी बीच एक कपल एक दूसरे से शादी करते दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि ट्रेन के कोच में यात्रियों के बीच एक कपल मौजूद है। दोनों आपस में बातचीत कर रहे हैं। लड़के के हाथ में सिंदूर लगा है जबकि लड़की की मांग में सिंदूर भरा हुआ है। दोनों एक दूसरे से गले मिलते हैं। इसी बीच किसी ने उन्हें माला दी और दोनों ने एक दूसरे को माला पहनाया।

यात्रियों से खचाखच भरी ट्रेन में लड़का, लड़की को मंगलसूत्र पहनाता दिखाई दे रहा है। इसके बाद भोलेनाथ की जय के नारे के बीच दोनों ने एक दूसरे को फूल की मालाएं पहनाई। लड़की, लड़के का पैर छूकर आशीर्वाद लिया और लड़के को गले लगा लिया। यात्रियों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह वीडियो कहां का है लेकिन कुछ लोगों ने दावा किया है कि यह वीडियो पश्चिम बंगाल का है। सोशल मीडिया यूजर्स इस पर तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं। देवांश नाम के सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, ‘चलती ट्रेन में डांस तो देखा था लेकिन अब शादी भी चलती ट्रेन में हो रही है। ना जाने क्या क्या देखना पड़ेगा!’

एक ने लिखा, ‘ऐसा लग रहा है कि घर वाले कुछ ज्यादा ही शादी की जिद कर रहे थे, इसीलिए ट्रेन में ही व्याह करना पड़ गया है।’ शेखर नाम के यूजर ने लिखा, ‘ये ट्रेन को क्या बना लिया है लोगों ने? कभी डांस करते हैं तो कभी शादी करते हैं, बस नमाज नहीं पढ़ सकते।’ एक ने लिखा, ‘सार्वजनिक संपत्तियों में यह सबकुछ प्रतिबंधित और उल्लंघन में कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए।’