मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आने के बाद साथ ही राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है। मध्य प्रदेश कांग्रेस की तरफ से शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह पर कटाक्ष किया गया तो जवाब देने के लिए खुद कार्तिकेय सिंह चौहान सामने आये। मध्य प्रदेश के आधिकारिक ट्विटर हैंडल और कार्तिकेय के बीच ट्विटर पर बहस हुई।

कांग्रेस ने ऐसे कसा तंज

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शादी की सालगिरह की बधाई देते हुए एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें सीएम की पत्नी साधना सिंह अन्य महिलाओं के साथ चूल्हे पर खाना पकाती नजर आ रही हैं। इस पर कांग्रेस की तरफ से लिखा गया कि आदरणीय मामी जी, अब आपकी जल्दी जी चूल्हा फूंकने की तकलीफ खत्म होने वाली है क्योंकि कमलनाथ जी के सीएम बनते हुए 500 रूपये में सिलेंडर मिलेगा। कांग्रेस के इस ट्वीट का जवाब कार्तिकेय सिंह ने दिया है।

कार्तिकेय सिंह ने दिया ये जवाब

कार्तिकेय सिंह ने लिखा कि मेरी माँ 32 साल से पिताजी के पीछे उनकी ताकत बनकर खड़ी रही, सुख और दु:ख में उनका संबल बनीं, लेकिन कांग्रेस रिश्तों की पवित्रता, प्रेम, को नहीं समझती, वो हर बात में राजनीति देखती है। कितनी गिरी है कांग्रेसी सोच कि राजनैतिक फायदे के लिए उसे भी निशाना बना रही है। बजरंग बली मेरे माता-पिता के इन खूबसूरत पलों को बुरी नज़र से बचायें।

जवाब में कांग्रेस की तरफ से कहा गया कि हे! युवराज, माता-पिता के प्रति आदर हम सबके मन में है, लेकिन, आपको उन बहन-बेटियों को दर्द क्यों नहीं दिखता जिनके घर में आपके पिता की दी हुई महंगाई ने कोहराम मचा रखा है। इसके साथ कांग्रेस ने कार्तिकेय सिंह चौहान के लिए सवालों की एक लंबी लिस्ट भेज दी है।

यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

@_Gauravyadav यूजर ने लिखा कि युवराज को भी समझ आ गया है कि पिताजी के हाथ से सत्ता जा रही है इसलिए ये भी प्रचार में लग गए हैं। राजीव वर्मा नाम के यूजर ने लिखा कि मैं अब भी कह रहा हूं व्यक्तिगत न हो कांग्रेस, मुद्दे बहुत सारे हैं भाजपा को घेरने के लिए। नहीं तो 2018 वाला सीन फिर से हो जाएगा। एक यूजर ने लिखा कि आखिर जब सरकार के घर में ही चूल्हा फूंका जा रहा है तब वहां की जनता क्या कर रही होगी, यह बड़ी बात है। एक अन्य यूजर ने लिखा कि जब सरकार खुद धुआं फूंक रही हो तो धुआं मुक्त रसोई का वादा कैसे कर सकती है?