कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस के तमाम नेता शामिल हो रहे हैं। इस यात्रा के दौरान नेता कभी दौड़ते दिखाई देते हैं तो कभी नाचते दिखाई देते हैं। राहुल गांधी के साथ चलने वाले तमाम नेता कार्यकर्ता बेहद उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह ढोल नगाड़े की धुन पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं।

डांस करते दिखाई दिए दिग्विजय सिंह

वायरल हो रहा वीडियो भारत जोड़ो यात्रा के दौरान का है, जब वह राहुल गांधी के साथ पदयात्रा में शामिल थे। वीडियो में दिग्विजय सिंह अपने तमाम कार्यकर्ताओं और युवा नेताओं के साथ डांस करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया यह वीडियो वायरल हो रहा है और दिग्विजय सिंह के बेटे समेत कांग्रेस के तमाम नेताओं ने इस वीडियो को शेयर किया है।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

दिग्विजय सिंह ने अपने ट्विटर पर इस वीडियो शेयर कर लिखा कि 75 साल का व्यक्ति मौज-मस्ती क्यों नहीं कर सकता? आपने 75 साल के सिद्धारमैया को राहुल जी के साथ दौड़ते देखा। आपकी उम्र उतनी ही होती है, जितना आप महसूस करते हैं। अगर हम युवा महसूस करते हैं तो ये आनंद क्यों नहीं उठा सकते? दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट पर @jaunpur_city यूजर ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि बिलकुल सही सर, मुझे लगता है कि राहुल जी के साथ वास्तव में दो युवा हैं, एक सिद्धारमैया जी और अगले को खुद को खोजना चाहिए।

@CaptPandey1 यूजर ने लिखा कि सर, देश की सेवा के लिए न उम्र कोई बाधा हो सकती है, और न ही समय की पाबंदी, बस दृढ़ निश्चय और देश के प्रति प्रेम होना चाहिए। एक यूजर ने दिग्विजय सिंह की खिंचाई करते हुए लिखा है कि अगर राहुल गांधी जवान हैं तो सिद्दारमैया को क्यों दौड़ा रहे हैं वो तो बुजुर्ग हैं ना? रमेश नाम के यूजर ने लिखा कि वाकई, दिग्विजय सिंह जी आपकी एनर्जी तो देखने लायक है।

इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने पार्टी के वरिष्ठ नेता सिद्दारमैया के साथ कुछ दूर तक दौड़ लगायी थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। गौरतलब है कि शुक्रवार को पत्रकार रहीं गौरी लंकेश का परिवार भी राहुल गांधी के साथ पद यात्रा में शामिल हुआ। गौरी लंकेश की मां इंदिरा लंकेश और बहन कविता लंकेश कर्नाटक के बेल्लुर में इस पदयात्रा में शामिल हुई।