हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जमकर सियासत हो रही है। कांग्रेस की एक सभा में टेंट क्या गिर गया, पूरी भाजपा ने कांग्रेस की जमकर खिंचाई कर दी। सोशल मीडिया पर कांग्रेस का यह वीडियो वायरल हो रहा है। खुद सीएम जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के इस वीडियों के जरिये तंज कसा है। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होने वाला है। आठ दिसंबर को नतीजे आएंगे।

कांग्रेस के कार्यक्रम का गिरा टेंट, सीएम ने कसा तंज

बीजेपी हिमाचल प्रदेश के ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि कार्यक्रम के दौरान टेंट गिर गया और उसके नीचे कई कार्यकर्ता दब गए। लोग टेंट के नीचे से निकलने की कोशिश कर रहे हैं। वीडियो शेयर कर भाजपा ने लिखा कि तंबू ध्वस्त,नेता पस्त… हिमाचल में कांग्रेस का सूरज हो रहा अस्त, टुकड़े टुकड़े हुई कांग्रेस, फिर हार रही हिमाचल प्रदेश।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

बीजेपी के इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए जयराम ठाकुर ने लिखा कि वो कहते थे हमारा तंबू उखड़ने वाला है, आज उनका अपना ही तंबू उखड़ गया। जयराम ठाकुर के इस ट्वीट पर तमाम लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हिमाचल प्रदेश यूथ कांग्रेस की तरफ से अमित शाह के स्टेज पर गिरने का वीडियो शेयर कर लिखा गया कि अतिशीघ्र ही भूतपूर्व मुख्यमंत्री होने जा रहे जयराम जी, कृपया वीडियो देखकर बताइये यहां किसका क्या उखड़ा?

एक यूजर ने लिखा कि एक राज्य का मुख्यमंत्री इस हादसे में घायलों की सेहत की कामना करने की जगह मजाक उड़ाने में व्यस्त है, ये आपकी गिरी हुई मानसिकता को दिखा रहा है। तभी जल्द ही आप वर्तमान से भूतपूर्व होने जा रहे हैं। @gourab_ यूजर ने लिखा कि प्रदेश का मुख्यमंत्री होने के नाते आपको यह कामना करनी चाहिए थी कि किसी की भी जान माल का नुकसान न हुआ हो। परंतु आप मजे लेने वाली पोस्ट कर रहे हैं। सही में राजनीति इंसानियत भी समाप्त कर देती है।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे आठ दिसंबर को आएंगे। 68 विधानसभा सीटों वाले हिमाचल प्रदेश में 55 लाख वोटर हैं। इनमें 27 लाख 80 हजार पुरुष और 27 लाख 27 हजार महिलाएं हैं। 80 साल से ज्यादा उम्र के 1.22 लाख मतदाता हैं। चुनाव आयोग की तरफ से बताया गया है कि हिमाचल प्रदेश में एक ही चरण में मतदान होगा।