राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तैयारी जोरों पर है। कांग्रेस दोबारा सत्ता में वापसी की हुंकार भर रही है तो भाजपा की कोशिश है कि वह सरकार बनाने में कामयाब हो जाए। सोशल मीडिया पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह उपराष्ट्रपति द्वारा बार-बार राजस्थान का दौरा किए जाने पर नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।

वीडियो में सीएम अशोक गहलोत कह रहे हैं कि पहले प्रधानमंत्री आए और अब उपराष्ट्रपति अप-डाउन कर रहे हैं। आज उपराष्ट्रपति पांच जगह जाएंगे। चार हेलिकॉप्टर से 5 जगह दौरा है। उन्होंने आगे कहा कि गवर्नर साहब या उपराष्ट्रपति, हम सम्मान करते हैं। उपराष्ट्रपति अगर राष्ट्रपति बनेंगे तो भी हम स्वागत करेंगे, लेकिन अभी मेहरबानी रखें। बार-बार सुबह-शाम आ रहे हैं। दौरे कर रहे हैं। इसका कोई तुक नहीं है।

‘बार-बार आओगे तो लोग क्या समझेंगे’

राजस्थान सीएम ने कहा कि राजस्थान में चुनाव चल रहे हैं, बार-बार आओगे तो लोग क्या समझेंगे। आप चाहते क्या हो? उन्होंने आगे कहा कि शेखावत साहब भी उपराष्ट्रपति बने थे। लेकिन शेखावत साहब ने कहा था कि राजस्थान मेरा घर है। यहां कोई प्रोटोकॉल नहीं होगा। उपराष्ट्रपति धनखड़ पूरे प्रोटोकॉल के तहत राजस्थान के दौरे पर आ रहे हैं।

अब राजस्थान सीएम अशोक गहलोत के बयान पर भाजपा नेताओं ने पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावात ने लिखा, ‘अशोक गहलोत जी हार से डरे हुए हैं। उन्हें उपराष्ट्रपति का राज्य में आगमन भी खटक रहा है। केंद्र से तो वैसे ही उन्होंने तकरीबन सारे संबंध काट लिए हैं। उनके वश में हो तो केंद्रीय मंत्रियों के आने पर बैन लगा दें। बाड़ेबंदी की तो उन्हें आदत है। एक मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप गहलोत जी बहुत हल्की बातें करते हैं। अब क्या कांग्रेस राजस्थान आने के लिए वीजा देगी?’

केंद्रीय मंत्री अशोक चौधरी ने लिखा, ‘राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा माननीय उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनकड़ जी के प्रदेश में प्रवास को लेकर की गई टिप्पणी अशोभनीय है।’ वहीं बीजेपी नेता सतीश पुनिया ने कहा, ‘अशोक गहलोत जी के बयान को कोई गंभीरता से नहीं लेता है।’ एक ने लिखा, ‘गहलोत साहब, राजस्थान में अतिथि देवो भवः होता हैं आप उसकी मुख्य आत्मा को मत मारिए।’