फूड ब्लॉगर नए नए पकवान बनाते हैं, नए खाद्य पदार्थों को सबके सामने लाते हैं लेकिन अब एक चीनी फूड ब्लॉगर एक घड़ियाल पकड़कर लायी, उसे नहलाया और फिर उसे पकाकर खा गई। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया हंगामा मच गया और ये फूड ब्लॉगर मुसीबत में फंस सकती है।
डॉयिन (टिकटॉक का चीन संस्करण) पर एक चीनी महिला फ़ूड ब्लॉगर ने मगरमच्छ को मारकर खाने की प्रकिर्या का वीडियो शेयर किया है। जिस पर बवाल खड़ा हो गया है। इस चीनी फूड ब्लॉगर को 3.5 मिलियन से अधिक लोग फॉलो करते हैं। महिला फूड व्लॉगर चू नियांग जिओ हे ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उसने बताया कि अपने घर में आराम से मगरमच्छ को कैसे मारें और उसे खाने के लिए कैसे तैयार करें।
वीडियो में सबसे पहले चू नियांग जिओ हे को एक बड़े ब्रश से शॉवर में 90 किलो के घड़ियाल को धोते देखा जा सकता है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि घड़ियाल का मुंह बाँधा गया है। इसके बाद वह खाल उतारने से पहले उसे मारती है और फिर उसके शरीर के टुकड़े कर देती है। फिर उसे पकाती है।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो देखकर लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया है। बताया जा रहा है कि संस्थाओं ने पशु क्रूरता के खिलाफ आवाज भी उठाई है। महिला फ़ूड ब्लॉगर ने खुद का बचाव करने की कोशिश की लेकिन जिस तरह उसने घड़ियाल की जान ली, उससे लोग काफी गुस्से में हैं और किसी भी तरह से महिला को माफ नहीं करना चाहते।
फ़ूड ब्लॉगर चू नियांग जिओ ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहे घड़ियाल को चमड़े के उत्पाद के लिए पाला गया था, इसलिए किसी भी तरह इसकी बलि दी ही जानी थी। चीन के वन्यजीव संरक्षण कानून के अनुसार, अधिकारियों से परमिट के लिए आवेदन किए बिना मगरमच्छ का मांस पकाना अवैध है, इसलिए चू नियांग जिओ हे अब अपने इस वीडियो को लेकर मुसीबत में फंसती दिखाई दे रही है। उस पर कानूनी शिकंजा कस सकता है।