किसी ने सही ही कहा है कि प्रेम हर बंधन को तोड़ देता है। प्रेम न धर्म देखता है और न जात-पात यहां तक कि देश की सीमाएं भी प्रेम को बांध नहीं सकती। इन लाइनों को एकदम सही साबित किया है झारखंड के चंदन सिंह और चीन की रहने वाली छियाओ जियाओ ने जिनकी प्रेम कहानी शादी जैसे पवित्र बंधन में बंधी है। चंदन और छियाओ की शादी 6 दिसंबर को संपन्न हुई। इस शादी का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
छियाओ ने चंदन के पैर छूकर लिया आशीर्वाद
सात समुंदर पार से आई दुल्हन को देखकर बाराती काफी खुश थे। झारखंड के साहिबगंज के रहने वाले चंदन की दुल्हन दिखने में जितनी सुंदर थी उतनी ही संस्कारी भी नजर आई है। दरअसल, जयमाला के बाद छियाओ ने चंदन के पैर छूकर आशीर्वाद लिया जो कि यह बताता है कि चंदन ने भारतीय संस्कृति के बारे में अपनी दुल्हन को कितना कुछ बताया है। इनकी लव स्टोरी को हर कोई जानना चाहता है।
लंदन में शुरू हुई दोनों की लव स्टोरी
जानकारी के मुताबिक, चंदन और छियाओ की लव स्टोरी लंदन में शुरू हुई। दोनों वहां पढ़ाई करने के लिए गए थे। दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता धीरे-धीरे इतना गहरा हो गया कि दोनों ने जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का निर्णय ले लिया। संस्कृतियों में भिन्नता होने के बावजूद दोनों के बीच प्यार की डोर और मजबूत होती गई और दोनों ने भारतीय संस्कृति के हिसाब से शादी की। इनकी शादी पूरे हिंदू रीति-रिवाज से हिसाब से हुई।
वीडियो पर यूजर्स की प्रतिक्रिया
यह शादी झारखंड के साहिबगंज में तो चर्चा का विषय बनी ही हुई है बल्कि सोशल मीडिया पर भी लोग इस शादी की खूब बात कर रहे हैं। इस अनूठी शादी को लेकर लोग काफी बातें कर रहे हैं। कुछ लोग इस शादी को लेकर वायरल वीडियो पर फनी कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट कर कहा है कि अब घर में कॉकरोच की समस्या खत्म हो जाएगी। एक यूजर ने लिखा है कि दूल्हे को कोई राष्ट्रवादी सनातनी नहीं मिली क्या?
