ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का 96 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्हें स्कॉटलैंड में बोल्मोरल कैसल स्थिति आवास पर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था। क्वीन एलिजाबेथ करीब सात दशक से शाही परिवार और ब्रिटेन की रियासत को संभाल रही थी। भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत तमाम नेताओं ने ब्रिटेन की महारानी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
भारत के राष्ट्रपति भवन की तरफ एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर ट्वीट किया गया कि ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन से दुनिया ने एक महान शख्सियत खो दी है। एक युग बीत चुका है, उन्होंने देश को 7 दशकों से अधिक समय तक चलाया। मैं यूके के लोगों के साथ दुख को साझा करती हूं और परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, महामहिम महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को हमारे समय की एक दिग्गज के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में गरिमा और शालीनता का परिचय दिया। उनके निधन से दुखी हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और ब्रिटेन के लोगों के साथ हैं।
एलिजाबेथ के साथ मुलाकात की तस्वीर शेयर कर एक अन्य ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा कि 2015 और 2018 में यूके की अपनी यात्राओं के दौरान मेरी महारानी एलिजाबेथ-2 के साथ यादगार मुलाकातें हुईं। मैं उनकी गर्मजोशी और दयालुता को नहीं भूलूंगा। एक बैठक के दौरान उन्होंने मुझे वह रूमाल दिखाया जो महात्मा गांधी ने उन्हें उनकी शादी में उपहार में दिया था। मैं इसको याद रखूंगा।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महारानी के निधन पर ट्वीट कर लिखा कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर ब्रिटेन के लोगों और शाही परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। उनका एक लंबा और गौरवशाली शासन था, उन्होंने अत्यंत प्रतिबद्धता और सम्मान के साथ अपने देश की सेवा की। आप सांसद राघव चड्ढा ने ट्वीट किया, “महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने एक असाधारण शासन के साथ इतिहास पर एक अमिट छाप छोड़ी है, जो अपने लोगों के प्रति कर्तव्य और समर्पण की उल्लेखनीय भावना से चिह्नित है। उनकी आत्मा को शांति।”
वहीं ब्रिटेन की PM लिज़ ट्रस ने कहा है कि हम सब लोग इस खबर से दुखी हैं जो हमने अभी बाल्मोरल महल से सुनी है। महारानी की मृत्यु देश और दुनिया के लिए बहुत बड़ा सदमा है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय वह पत्थर थीं जिस पर आज के ब्रिटेन का निर्माण हुआ है। उनके शासनकाल में हमारा देश विकसित और फला-फूला है।
बता दें कि अंतिम बार महारानी ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री लिज ट्रस के साथ नजर आई थीं। इसके बाद उन्हें सीनियर मंत्रियों के साथ एक मीटिंग भी करनी थी, डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी तो इस मीटिंग को टाल दिया गया था। अब उनके निधन की खबर सुनकर कर कोई स्तब्ध है। वहीं महारानी के निधन के बाद उनके बड़े बेटे प्रिंस चार्ल्स-III अब आधिकारिक रूप से ब्रिटेन के राजा बन गए हैं। ब्रिटिश इतिहास में राजा बनने वाले 73 वर्ष के सबसे उम्रदराज व्यक्ति हैं।