कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक पदयात्रा कर रहे हैं। राहुल गांधी की इस पदयात्रा को शुरू हुए एक महीने से अधिक का वक्त बीत चुका है। एक महीना पूरा होने पर इस पदयात्रा में कांग्रेस की अध्यक्षा सोनिया गांधी भी शामिल हुईं। हालांकि भाजपा का आरोप है कि सोनिया गांधी देश के लिए इस पद यात्रा में नहीं शामिल हुईं बल्कि अपने बेटे राहुल गांधी के लिए इस पदयात्रा में शामिल हुई हैं।

गौरव भाटिया ने कांग्रेस पर कसा तंज

आजतक चैनल पर एक डिबेट शो में बोलते हुए भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा कर रही है लेकिन भारत तो पहले से ही जुड़ा हुआ है। गोवा में कांग्रेस के विधायक छोड़कर चले गए, अशोक गहलोत राजस्थान में मनमानी पर उतर आये तो भारत जोड़ने की नहीं बल्कि कांग्रेस को जोड़ने की जरूरत है। भारत तो अखंड हैं, अखंड था और अखंड ही रहेगा।

सोनिया गांधी के पदयात्रा में शामिल होने पर उठाए सवाल

राहुल गांधी की पदयात्रा पर सवाल खड़े करते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी को ये लोग शक्तिमान बनाने में लगे हैं लेकिन इन्हीं राहुल गांधी ने 49 में से 39 चुनाव हराएं भी हैं। अब यात्रा में सोनिया गांधी भी शामिल हो रही हैं, 2016 से लेकर अभी तक क्या वह अध्यक्ष नहीं थीं? कोरोना के वक्त कहीं भी दिखाई नहीं दी लेकिन अब बेटा पैदल चल रहा तो मां एक फर्ज निभाने के लिए जाना पड़ा। देश के लिए नहीं बल्कि परिवार को बचाने के लिए वह आई हैं, यह सच्चाई है। गौरव भाटिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बंद करके ‘गांधी पोल्ट्री फॉर्म’ खोल लेना चाहिए क्योंकि अंडे सबसे ज्यादा कांग्रेस पार्टी में ही हैं।

कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रोहन गुप्ता ने कहा कि भाजपा ने दो करोड़ लोगों को नौकरी देने की बात कहीं थी लेकिन भारत जोड़ो यात्रा से कुछ हुआ हो या हुई हो, बीजेपी के कम से कम 150 प्रवक्ताओं को नौकरी मिल गई है, जो चैनल पर आकर कॉमेडी कर रहे हैं। सत्ता में आठ साल रहने के बाद ये पार्टी अपने हर वादे पर फेल हुई है। इस पर ये बहस नहीं करना चाहते। रोहन गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी जो कर रहे हैं उसके लिए जज्बा चाहिए। इनकी पूरी नजर राहुल गांधी की इस यात्रा पर टिकी हुई है।

बता दें कि राहुल गांधी की पद यात्रा में जब सोनिया गांधी शामिल हुई थीं, तब दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी। राहुल गांधी, सोनिया गांधी के जूते के फीते बांधते दिखाई दिये थे, उनके कंधे पर हाथ रखकर चलकर दिखाई दिए, इन तस्वीरों की खूब चर्चा हुई लेकिन भाजपा के नेताओं का कहना है कि भारत श्रवण कुमार का देश है, राहुल गांधी ने जो किया उससे ज्यादा हर बेटा अपनी मां के लिए करता है।