बरेली की SDM ज्योति मौर्य और आलोक मौर्य की शादी का विवाद सामने आने के बाद ऐसी घटनाओं की लाइन लग गई है। उत्तर प्रदेश, बिहार मध्य प्रदेश समेत कई जगहों से ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। बिहार में एक शख्स ने पत्नी को पढ़ा-लिखाकर शिक्षक बनाया, आरोप लगा है कि स्कूल के ही हेडमास्टर के साथ ही पत्नी फरार हो गई है।
हेडमास्टर के साथ फरार हुई पत्नी!
मामला बिहार के समस्तीपुर के पटोरी का बताया जा रहा है। वैशाली जिले के रहने वाले चंदन कुमार ने आरोप लगाया है कि शादी के 12 साल बाद उन्होंने पत्नी को पढ़ाकर शिक्षक बनाया। इसके लिए उन्होंने मजदूरी की और कर्ज लिया। पत्नी शिक्षक बन गई लेकिन पिछले साल दुर्गा पूजा के बाद से ही वह फरार है। चंदन ने स्कूल के हेडमास्टर पर अपनी पत्नी को भगाने का आरोप लगाया है।
मजदूरी कर और कर्ज लेकर पति ने पूरी कराई थी पढ़ाई
चंदन ने बताया कि 13 साल पहले उसकी शादी सरिता से हुई थी। शादी के बाद भी सरिता पढ़ना चाहती थी। चंदन के अनुसार, उसने सरिता को पढ़ाने के लिए मजदूरी की, कर्ज लिया और पत्नी को जरूरी शिक्षा और ट्रेनिंग दिलवाई। 2022 में उसे एक प्राइमरी स्कूल में शिक्षिका के तौर पर नौकरी मिल गई।
हेडमास्टर पर लगा गंभीर आरोप
पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि स्कूल का हेडमास्टर राहुल कुमार सरिता पर गलत नजर रखता था। शुरुआत में तो सरिता को स्कूल छोड़ने खुद चन्दन कुमार जाते थे लेकिन बाद हेडमास्टर ने अपने घर के समीप उसे एक किराए पर घर दिलवा दिया। FIR में कहा गया है कि दोनों के बीच संबंध भी थे, कुछ समय बाद पत्नी ने अपना घर भी बदल लिया। वहीं हेडमास्टर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को ख़ारिज किया है।
BDO का कहना है कि पूरा मामला उन्हें संदिग्ध मालूम दिखाई दे रहा है। शिक्षिका फरार नहीं है, बल्कि वह 2 महीने से छुट्टी का आवेदन देकर स्कूल नहीं आ रही है। उसका वेतन भी काटा गया है। चंदन कुमार ने बताया कि उनकी 12 साल की बेटी और 7 साल का बेटा है।
अब पूरा मामला क्या है, इसकी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी लेकिन वैशाली जिले के जंदाहा थाना में दर्ज हुई इस FIR की खूब चर्चा हो रही है।