बिहार के नालंदा में एक महिला ने अपने पति की सरेआम पिटाई कर दी। महिला ने भीड़ के बीच में अपने पति को चप्पलों से पीटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि विवाद अवैध संबंध को लेकर था। लोगों ने जब बीच बचाव किया तब जाकर महिला ने पति को छोड़ा।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला, एक शख्स को बीच सड़क पर चप्पलों से पीट रही है। वहां मौजूद कई लोग खड़े होकर इस ड्रामे को देख रहे हैं। महिला कई बार चप्पल से शख्स को पीटती है। इसके बाद वहां मौजूद कुछ लोग आगे आए और मारपीट को रोकने की कोशिश की। इस पर महिला आने वहां पर खड़ी एक अन्य महिला की तरफ इशारा कर कुछ कहती है।
अवैध संबंध का आरोप लगाकर की पिटाई
बताया जा रहा है कि महिला जिसे पीट रही है वह उसका पति है। महिला ने पति पर अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया है जबकि पति भी पत्नी पर ऐसा ही आरोप लगा रहा है। बिंद थाना क्षेत्र के जखौरा निवासी पिंकी देवी ने महिला थाना में पति संजय चौधरी के खिलाफ दूसरी शादी करने की शिकायत की थी।
इस शिकायत के बाद दोनों पक्ष के लोगों को पुलिस थाने पर बुलाया था। लेकिन थाने के गेट पर जब दोनों पक्ष के लोग पहुंचे तो संजय चौधरी के साथ एक महिला थी, जिसे देखते ही पिंकी देवी आगबबूला हो गई और पति पर चप्पल से पिटाई कर दी। वहीं महिला के अन्य परिवार के सदस्यों ने भी ससुराल पक्ष को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो पर लोग महिला के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं। एक ने लिखा, ‘मान लिया कि पुरुष ने गलती की थी तो क्या महिला को इस तरह पीटने का अधिकार है? अगर यही काम पुरुष ने महिला के साथ किया होता तो अब तक बवाल हो गया होता।’ रेहान ने लिखा, ‘क्या ये सही है? क्या पुरुष का कोई आत्म सम्मान नहीं है? इस महिला की इतनी हिम्मत कि थाने के सामने चप्पल से पीट रही है?’ एक अन्य ने लिखा, ‘आपसी लड़ाई को घर में खत्म करना चाहिए, इस तरह सड़क पर तमाशा और ड्रामा नहीं करना चाहिए।’