IAS और IPS बनने के लिए लोग जीतोड़ मेहनत करते हैं। अपने घर और गांव को छोड़कर शहरों में महंगी-महंगी कोचिंग लेते हैं। यहां तक कि एक-दो अटैंप्ट में फेल होने के बाद भी अपने सपने को पूरा करने के लिए मेहनत करना नहीं छोड़ते। इन सबके बावजूद भी IAS-IPS बनने का सपना हर किसी का पूरा नहीं होता, लेकिन बिहार में एक 18 साल के लड़के को बिना UPSC एग्जाम पास किए आईपीएस की वर्दी मिल गई और इसके लिए उसके 2 लाख रुपए की रिश्वत दी। इस लड़के ने कैमरे पर पूरी सच्चाई भी बताई है।
जमुई से आया चौंकाने वाला मामला
चौंकाने वाला यह मामला बिहार के जमुई जिले से सामने आया है। सोशल मीडिया पर इस लड़के का वीडियो वायरल है। जानकारी के मुताबिक, इस लड़के का नाम मिथिलेश कुमार है। इस लड़के को मनोज सिंह नाम के एक शख्स ने चूना लगा दिया। लड़के की ओर से दिए गए बयान के मुताबिक, मनोज सिंह ने IPS बनाने का वादा करके उससे 2 लाख रुपए लिए थे। बदले में उसे आईपीएस की वर्दी दी और फिर नजदीकी थाने में भेज दिया।
कहां से हुई गिरफ्तारी?
मिथिलेश कुमार सिकंदरा जमुई मुख्यमार्ग स्थित बंधन बैंक के पास अपनी वर्दी का रौब झाड़ रहा था तभी पुलिस अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया। हैरानी वाली बात यह है कि मिथिलेश को वर्दी के साथ-साथ एक पिस्टल भी दी गई थी। 2 लाख में फर्जी IPS बनने के बाद मिथिलेश भी अपने गांव में अपनी “नई रैंक” का दिखावा कर रहा था, तभी स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी और उसे पकड़ लिया गया। उसकी गिरफ्तारी सिकंदरा जमुई मुख्यमार्ग स्थित बंधन बैंक के पास से हुई।
कैमरे पर बताई पूरी सच्चाई
मिथिलेश की पोल खोल जाने के बाद उसने कैमरे पर पूरी सच्चाई बताई। मिथिलेश ने कहा कि वह खैरा का रहने वाला है और किसी मनोज सिंह नाम के व्यक्ति ने उसे IPS की नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख रुपए लिए थे। साथ में एक पिस्टल भी दी थी। मिथिलेश ने बताया कि वह मनोज ने 2 लाख रुपए लेने के बाद उसे वर्दी दी और कहा कि तुम अफसर बन गए हो अपनी ड्यूटी पर चले जाओ।
मिथिलेश ने बताया कि उसने अपने मामा से लेकर 2 लाख रुपए मनोज सिंह को दिए थे। मनोज ने पैसे लेने के बाद उसका नाप लिया था। इसके बाद उसे वर्दी दे दी। मिथिलेश की वर्दी पर IPS का बैच भी था। उसकी टोपी पर भी IPS का बैच था। साथ ही उसके कंधे पर तीन स्टार भी थे।