Purnea Lawyer Doctor Love Story: बिहार के पूर्णिया से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 60 साल का वकील 50 साल की शादीशुदा महिला डॉक्टर को लेकर भाग गया। दोनों को जब सहरसा से बरामद किया गया तो वकील ने कहा कि महिला डॉक्टर उसके बचपन का प्यार है। दोनों स्कूल में साथ पढ़ते थे। तभी से ही दोनों एक-दूसरे को पसंद करते हैं। डॉक्टर के इंतजार में उसने आज तक शादी नहीं की।
डॉक्टर के पति ने शिकायत दर्ज कराई
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार अजब प्रेम की गजब कहानी का यह मामला पूर्णिया के केके हाट थाना क्षेत्र के प्रभात कॉलोनी स्थित डॉनर चौक का है। यहां रहने वाली महिला डॉक्टर को 11 मई को सहरसा के प्रोफेसर कॉलोनी में रहने वाला 60 वर्षीय वकील लेकर फरार हो गया।
महिला डॉक्टर के देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। काफी खोजबीन और जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शुक्रवार को महिला और एडवोकेट को सहरसा से बरामद किया। महिला शादीशुदा और बाल-बच्चेदार है। जबकि वकील अविवाहित है। पुलिस के सामने उसने दावा किया कि डॉक्टर प्रेमिका के इंतजार में ही उसने शादी नहीं की।
महिला की बरामदगी की सूचना मिलने पर पति भी थाना पहुंचा। पूरा मामला जानने के बाद उसने पत्नी को अपनाने से इनकार कर दिया। ऐसे में महिला को उसके एडवोकेट प्रेमी के घर भेज दिया गया। जबकि एडवोकेट संजीव कुमार को जेल भेज दिया गाया।
रिपोर्ट के अनुसार के.हाट थाना के पुलिस को दिए बयान में संजीव ने बताया कि वो महिला डॉक्टर को बचपन से जानता है। दोनों स्कूल में साथ थे। अच्छे दोस्त थे। महिला उसके बचपन का प्यार है। उसने कहा, “मेरी प्रेमिका MBBS करके डॉक्टर बन गई। जबकि मैं वकील बन गया। हमने शादी करने की इच्छा जताई पर उसके घरवाले नहीं माने और उसकी शादी किसी और डॉक्टर से करा दी। मैंने उसके इंतजार में अब तक शादी नहीं की।”
यह भी पढ़ें – दो साल की बेटी को लिए काम पर निकलता है यह स्विगी डिलीवरी एजेंट, वजह जानकर भावुक हो गई इंटरनेट की जनता
संजीव ने बताया, “काफी साल तक हम दोनों ने मुलाकात नहीं की। लेकिन बीते साल 30 साल बाद मेरी मुलाकत उससे उसी के क्लिनिक में हुई। एक ही मुलाकात में हम दोनों फिर एक-दूसरे के करीब आ गए। फिर से बातचीत और मिलने-जुलने का सिलसिला शुरू हुआ।”
डॉक्टर प्रेमिका को लेकर सहरसा आ गया
उसने बताया कि मई की शुरुआत में हम दोनों ने फैसला लिया कि हम बाकी की जिंदगी साथ बिताएंगे। ऐसे में 11 मई को मैं अपनी डॉक्टर प्रेमिका को लेकर सहरसा आ गया। इधर, महिला के पति ने कहा कि 11 मई को अचानक वो गायब हो गई। फोन करने पर फोन भी बंद आ रहा था। रिश्तेदारों और ससुराल वालों को फोन करने पर भी कुछ पता नहीं चला। ऐसे में पुलिस की मदद ली।
मामले के संबंध में जानकारी देते हुए के.हाट थाना के अध्यक्ष उदय कुमार ने बताया, “अपहरणकर्ता वकील और महिला डॉक्टर को सहरसा से बरामद कर कोर्ट में पेश किया गया। महिला का 183 और 184 के तहत बयान दर्ज कराया गया। न्यायालय के आदेश पर वकील को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।”