यूपी के बहराइच जिले के एक गांव में एक बुजुर्ग महिला चारपाई पर सो रही थी। उसने मच्छरदानी भी लगाई थी। आधी रात के समय अचानाक उसकी चारपाई जोर-जोर से हिलने लगी। इस कारण महिला की नींद खुल गई। इसके बाद उसने जानना चाहा कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है। वह नींद में चारपाई के नीचे देखने लगी। इसके बाद उसने जो देखा उसकी चीख निकल गई। उसके होश उड़ गए और डर के मारे जोर-जोर से चिल्लाने लगी। घरवाले उसकी आवाज सुनकर उसके पास पहुंचे। पूरे घर के लोग डर के भागने लगे। शोर सुनकर हड़कंप मच गया। मामला बहराइच के कतर्नियाघाट वाइल्ड लाइफ अंतर्गत सुजौली रेंज के त्रिलोकी गौड़ी गांव का है।
दरअसल, चारपाई के नीचे एक विशाल मगरमच्छ था। खतरनाक जीव को देखकर सबके होश उड़ गए। महिला की चारपाई के ठीक नीचे मगरमच्छ हिल रहा था। इसके बाद मगरमच्छ घर में टहलने लगा। असल में मगरमच्छ के वजह से ही चारपाई हिल रही थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गांव के लोग पूरी रात दहशत में थे।
बुजुर्ग महिला की चीख सुनकर घरवाले जब उसके पास पहुंचे तो उनके भी होश उड़ गए। मगरमच्छ को देखकर पूरे परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई, वे वहां से भाग गए। उन्होंने फौरन इसकी सूचना स्थानीय थाना सुजौली के प्रभारी को दी। इसके बाद पुलिस महिला के घर पहुंची और विशालकाय मगरमच्छ का रेस्क्यू किया।
अब सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। गांव के लोग अभी भी दहशत में है। वीडियो में देखा जा सकता है कि टॉर्च की रोशनी चारपाई के नीचे पड़ती है, रोशनी में दिख रहा है कि मगरमच्छ चारपाई के नीचे छिपा हुआ है। अच्छी बात ये रही कि महिला की नींद समय से खुल गई वरना बड़ा हादसा हो सकता था। कतर्नियाघाट वाइल्ड लाइफ के डीएफओ बी शिवशंकर के अनुसार, मगरमच्छ का रेस्क्यू कर उसे सुजौली रेंज के कटुआ लटुआ ताल में छोड़ दिया गया है।
