पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बन चुकी है। भगवंत मान मुख्यमंत्री बन चुके हैं और अपने फैसले को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। 20 मार्च को आप के संस्थापक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली से वर्चुअली पंजाब के सभी विधायकों, मंत्रियों और मुख्यमंत्री भगवंत मान को संबोधित किया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान की तारीफ करते हुए सभी विधायकों को चेतावनी दी।
नए विधायकों को चेतावनी दे रहे थे अरविंद केजरीवाल: अरविंद केजरीवाल ने सभी विधायकों को सजग करते हुए कहा कि ‘जनता ने हम पर भरोसा जताया है तो हमें चौकन्ना रहकर , मेहनत से काम करना है ताकि हम उनकी उम्मीदों पर खरा उतर सकें। भगवंत मान द्वारा दी जिम्मेदारी को पूरा करना है। कभी सोचा था कि MLA बनोगे? बड़े बड़े लोगों को हराने वाले घमंड न करें।’ हालांकि इस दौरान अरविंद केजरीवाल एक गलती कर बैठे।
संबोधन के दौरान फिसल गई जुबान: विधायकों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि “सीएम भगवंत मान सभी मंत्रियों को टारगेट देंगे। हमारे पास वक्त कम है। 24 घंटे का दिन होता है, 24 घंटे में से 30 घंटे हमें काम करना होगा। खूब मेहनत करनी पड़ेगी। अगर टारगेट पूरा नहीं होगा तो जनता कहेगी कि आपको बदल दिया जाए।”
लोगों की प्रतिक्रियाएं: अब भाजपा के नेता और आम लोग केजरीवाल के इस वीडियो पर मजे ले रहे हैं। दिल्ली भाजपा के नेता नवीन जिंदल ने ट्विटर पर वीडियो पर शेयर करते हुए लिखा कि “ये मार्केट में नया आया है।” अरविंद गुप्ता नाम के यूजर ने लिखा कि “क्या केजरीवाल जी को पंजाब मिलने के बाद लग रहा है कि खुशी से रहा नहीं जा रहा है। एक दिन 24 घंटे होते हैं मगर एक दिन 30 घंटे, यह गणित तो सिर्फ केजरीवाल जी जानते हैं।”
संजीव झा नाम के यूजर ने लिखा कि “अरविंद केजरीवाल के अनुसार, अब एक दिन चौबीस घंटे के बदले तीस घंटे हो गये, इनके इस ज्ञान पर अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिलना चाहिए क्योंकि इतना बड़ा अनुसंधान किये हैं।” विकास भारद्वाज नाम के यूजर ने लिखा कि “हरियाणा का आदमी कभी गलत नहीं बोलता। 24 घंटे में 12 घंटे दिन के 12 घंटे रात के। रात के 12 घंटे में से 6 घंटे जाग कर एक्स्ट्रा काम करो। 30 घंटे काम हो जायेगा। हरियाणा वाले ने पहले दिल्ली को बनाया, अब पंजाब को बना दिया।”
सुनील सैनी नाम के यूजर ने लिखा कि “जुबान फिसल जाती है कभी कभी, सबके साथ होता है। वो 20 घंटे बोलना चाह रहे थे लेकिन 30 निकल गया।” नीलकंठ नाम के यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि “तीन घंटे की जगह गलती से तीस घंटे कह दिया। रुकावट के लिए खेद है।”