कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान को गलत संदर्भ में दिखाने के आरोप में ज़ी न्यूज के एंकर रोहित रंजन को नोएडा पुलिस ने 5 जुलाई यानी मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस भी उनको गिरफ्तार करने पहुंची थी। यहां पर नोएडा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बीच विवाद भी हो गया था। इसी को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चुटकी ली।
दिल्ली सीएम ने बीजेपी पर यूं ली चुटकी : केजरीवाल ने विधानसभा में कहा कि एक बड़े टीवी चैनल के एक एंकर ने कोई फर्जी क्लिप दिखा दी। उसको गिरफ्तार करने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस आई थी। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे लोगों को गिरफ्तार होना ही चाहिए लेकिन उत्तर प्रदेश की पुलिस उसे बचाने आ गई। अब दोनों राज्यों की पुलिस में लड़ाई हो रही है।
चीन से लड़ाई नहीं होती इनकी : दिल्ली सीएम ने बीजेपी पर चुटकी लेते हुए कहा कि इन्होंने पुलिस का क्या हाल बना दिया है। ये चीन से लड़ाई नहीं कर पाते हैं, यहां अपने ही देश में एक राज्य की पुलिस से दूसरे राज्य की पुलिस से लड़ाई करवा रहे हैं। बीजेपी नेता तेजिंदर सिंह बग्गा की बात करते हुए उन्होंने कहा कि जब पंजाब की पुलिस एक अपराधी को गिरफ्तार करने आई थी तो दिल्ली पुलिस उसे बचाने में लग गई थी। इसके साथ उन्होंने कहा कि क्या हम लोग आपस में ही लड़ेंगे? हम सबको मिलकर चीन से लड़ना चाहिए।
यूजर्स के रिएक्शन : एक सोशल मीडिया हैंडल से केजरीवाल के बयान पर कमेंट किया गया कि पंजाब पुलिस का रोना छत्तीसगढ़ पुलिस के पीछे रोया जा रहा है। मजहर नाम के एक यूजर ने लिखा – देश में जो भी सांप्रदायिकता का खेल हो रहा है, उसमें सरकार की भी सहमति है वरना पत्रकारों को बचाने में सरकार क्यों आगे आ रही है? कानून को अपना काम करने दिया जाए। उपासना नाम की एक यूजर कमेंट करती हैं, ‘ देखो कौन बोल रहा है। जिसने गाजियाबाद के कवि को पकड़ने के लिए पंजाब की पुलिस भिजवा दी थी। गजब के आदमी हैं।
क्या है मामला : जी न्यूज के एंकर पर आरोप है कि उन्होंने राहुल गांधी द्वारा वायनाड कार्यालय में तोड़फोड़ करने वाले बच्चे को लेकर दिए गए बयान को उदयपुर के हत्याकांड से जोड़ते हुए दिखाया गया। इस घटना के बाद एंकर रोहित रंजन ने अपने प्राइम टाइम शो में माफी मांगते हुए कहा था कि ऐसा जानबूझकर नहीं किया गया था, ये भूलवश हुआ था। जिसके लिए हम क्षमा प्रार्थी हैं।