आबकारी नीति को लेकर रही सीबीआई की जांच और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर हुई छापेमारी से आप नेता भड़के हुए हैं। इसी बीच मनीष सिसोदिया ने दावा किया है कि उन्हें भाजपा की तरफ से ‘आप को तोड़ने’ का ऑफर दिया गया। अब गुजरात पहुंचे दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मनीष सिसोदिया को भारत रत्न देने की मांग की है।
क्या बोले अरविंद केजरीवाल?
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जिस व्यक्ति को पूरे देश की शिक्षा व्यवस्था सौंप देनी चाहिए, जिस व्यक्ति ने पांच साल के अंदर करिश्मा करके दिखा दिया। जो काम मौजूदा पार्टियां सत्तर साल में नहीं कर पाई और जिस व्यक्ति वो काम कर दिया, सरकारी स्कूलों को शानदार बना दिया, बच्चों का भविष्य बना दिया। उस पर रेड करवाते हो, शर्म नहीं आती है।
“जिसे भारत रत्न मिलना चाहिए…”
अरविंद केजरीवाल ने कहा,‘ऐसे व्यक्ति को तो भारत रत्न मिलना चाहिए। पीएम मोदी को बुलाना चाहिए और कहना चाहिए कि मनीष जी बताइये कि कैसे शिक्षा व्यवस्था ठीक की जानी जानिए। ये सब करने बजाय रेड करवाया जा रहा है। इससे सभी समाज के लोग नाराज है। ब्राह्मण, राजपूत बनिया, SC/ ST आदमी, औरत सब नाराज हैं कि मनीष सिसोदिया को गलत तरीके से परेशान किया जा रहा है।
लोगों की प्रतिक्रियाएं
अरविंद केजरीवाल के इस बयान पर सोशल मीडिया पर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। निशांत नाम के यूजर ने लिखा कि केजरीवाल जी- माफ करना जी, भ्रष्टाचारियों को हमारा देश भारत रत्न नहीं देता, बल्कि उन्हें उनके कर्मों की सजा देता है। आपके लिए एक भ्रष्टाचारी, शिष्टाचारी हो सकता है पर देश के लिए वो अपराधी और अत्याचारी है।
आरू जैन नाम की यूजर ने लिखा कि भारत रत्न खिलौना है क्या, जो हर किसी को दे दिया जाए। इसके लिए कट्टर ईमानदार बनना पड़ता है और देशहित में जीवन न्यौछावर करना पड़ता है। शर्म आनी चाहिए आपको। आदर्श तिवारी नाम के यूजर ने लिखा कि सतेन्द्र जैन को पद्म और शराब मंत्री को भारत रत्न? सब ऐसे ही रेवड़ी की तरह बांट दोगे? अपने लिए भी कोई रत्न रखिये केजरीवाल जी!
बता दें कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया दोनों 22 अगस्त को गुजरात पहुंचे थे। दोनों का दौरा गुजरात विधानसभा चुनाव के मद्देनजर था। इसी दौरान एक प्रेस कांफ्रेंस में अरविंद केजरीवाल ने मनीष सिसोदिया का बचाव किया और कहा कि इनकी शिक्षा नीति से मोदी जी को भी सीखना चहिये, इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया को तो भारत रत्न मिलना चाहिए।