दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल लगातार आम आदमी पार्टी के विस्तार की कोशिश में लगे हुए हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए केजरीवाल ने ताकत झोंक दी है। हिमाचल प्रदेश में भी आप चुनाव लड़ने जा रही है। इसी बीच एक सभा को संबोधित करने के दौरान अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी की तुलना कान्हा से की है।

‘आप’ की तुलना ‘कान्हा’ से

अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि इनती तेजी से दुनिया में किसी भी पार्टी का विकास नहीं हुआ है। यह एक दस साल का छोटा सा बच्चा है, इसके सामने सवा साल पुरानी पार्टी, ना जाने कितनी बड़ी-बड़ी पार्टियां हैं। श्री कृष्ण भगवान जब बच्चे थे तो उन्हें प्यार से लोग कान्हा कहते थे। अपने बचपन में कान्हा ने कई बड़े बड़े राक्षसों का वध किया था। आप भी छोटी पार्टी है, ये भी कान्हा की तरह ही है।

“वध मतलब हम किसी का मर्डर नहीं कर रहे हैं”

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम अपने सामने बड़े बड़े राक्षसों का वध कर रहे हैं। वध का मतलब किसी का मर्डर नहीं कर रहे हैं। भ्रष्टाचार का वध कर रहे हैं, महंगाई का वध कर रहे हैं, बेरोजगारी का वध कर रहे हैं। जैसे भगवन कृष्णन ने छोटी उम्र में बड़े बड़े राक्षसों का वध किया था, वैसे ही आम आदमी पार्टी भी मात्र दस साल में बड़ी बड़ी शक्तियों से लड़ रही है।

अरविंद केजरीवाल के बयान पर लोगों की प्रतिक्रियाएं

अरविंद केजरीवाल के बयान पर @Bhushanlalb यूजर ने लिखा कि जो पार्टी शराब, शिक्षा,स्टाम्प ड्यूटी, DTC बस घोटाला कर सकती है, उसको आप कान्हा से जोड़ रहे हैं? अरे राक्षस आप के विधायाक हैं, जिन के घरों से सोना और करोड़ों रुपये मिलते हैं। किस तरह आप ने अपने आप को भगवान श्री कृष्ण से तुलना कर रहे हैं। @TehalsinghTeha1 यूजर ने लिखा कि भाजपा वाले अब बौखला गए हैं, अब उनको केजरीवाल से डर लगता है इसीलिए केजरीवाल को डराने की नई नई साजिश रच रहे हैं पर मोदी जी हम नहीं झुकेंगे, हम नहीं रुकेंगे।

@Ajaykumar00009 यूजर ने लिखा कि भाजपा राम के सहारे राजनीति करती है और अब आप कृष्ण के सहारे पर आ गई है। @Kuldeep25718549 यूजर ने लिखा कि सर जी, आपको भी राज करते 7-8 साल हो गए हैं तो जो सवाल आप बीजेपी पर उठाते हो, वही सवाल आप के ऊपर भी उठ रहे हैं। क्या यही दिल्ली थी जिसके लिए आपने वादे किए थे, कतई नहीं। अब वो समय नहीं रहा, आप जिम्मेदारी लें और अपने काम का जवाब भी दें।

बता दें कि आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच तनातनी देखने को मिल रही है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर सीबीआई के छापेमारी हुई, विधायक अमानतुल्लाह खान गिरफ्तार हुए हैं और स्वास्थ्य मंत्री घोटाले के आरोप में जेल में बंद हैं। एक और जांच शुरू होने वाली हैं। भाजपा का आरोप है कि दिल्ली सरकार ने भ्रष्टाचार की हैं, जबकि आप का कहना है कि भाजपा, दिल्ली सरकार के अच्छे कार्यों से घबराई हुई है।