अरविंद केजरीवाल और भारतीय जनता पार्टी के बीच जमकर वार-पलटवार चल रहा है। पिछले दिनों शराब नीति को लेकर चल रही जांच पर AAP और भाजपा आमने सामने थी। करीब एक हफ्ते तक दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा था। इसके बाद असम के सीएम के साथ अरविंद केजरीवाल के बीच ट्विटर पर जमकर बहस हुई। अब भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने अन्ना हजारे का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह अरविंद केजरीवाल को लेकर अपनी राय रख रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल को लेकर क्या बोले अन्ना हजारे?
अरविंद केजरीवाल, अन्ना हजारे के पुराने सहयोगी रहे हैं। यही वजह है कि अरविंद केजरीवाल को लेकर अन्ना हजारे की राय मायने रखती है। अन्ना हजारे ने कहा है कि सत्ता और पैसा लोगों को क्या बना दें, कुछ कह नहीं सकते हैं। वो तो ये भी कहते हैं कि सरकार में आने के बाद सैलरी नहीं लेंगे, बंगला और गाड़ी नहीं लेंगे। अन्य राज्यों की तुलना में उनकी सैलरी ज्यादा है। ये ठीक नहीं है।
“पहले उनके अंदर गुण थे लेकिन अब…”
अन्ना हजारे ने कहा कि सत्ता और पैसे के लिए ईमान खो देना, ये ठीक नहीं है। सत्ता और पैसा आज है कल नहीं है। ईमान, ईमान है। लोकपाल के लिए हमने आन्दोलन किया तो वो भी साथ में थे लेकिन सत्ता में जाने के बाद वो बदल गये। उसके बाद कई अनशन मेरे हुए लेकिन उन्होंने पता तक नहीं किया कि क्या हो रहा है। पहले उनके अन्दर गुण थे लेकिन अब क्या हो गया, पता नहीं!
“कुर्सी पर बैठते ही बुद्धि पलट जाती है”
अन्ना हजारे वीडियो में कह रहे हैं कि ये कुर्सी में बैठने के बाद बुद्धि पलट जाती है लेकिन ‘अन्ना मेरे गुरु’ कहने वाले रास्ता छोड़कर भटक रहे हैं इस बात का दुःख है।जबसे वो मुख्यमंत्री बने हैं तबसे हमारी कोई बात नहीं हुई है। आज बंगला लिया है, गाड़ी लिया है। सब कुछ ले लिया तो ये ठीक नहीं है। जुबान लोगों को दिया उसको बदलना ठीक नहीं है।
बता दें कि अन्ना हजारे और अरविंद केजरीवाल दोनों मिलकर लोकपाल की मांग को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन से सरकार भी हिल गई थी। हालांकि इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने राजनीति में उतरकर राजनीति बदलने की बात कही और किसी भी सरकारी सुविधा को लेने से इनकार किया था। आज अरविंद केजरीवाल जरूरत बताकर सुरक्षा, बंगला और सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल करते नजर आते हैं।