ब्रेन सर्जरी के समय एक 55 साल की महिला चेहरे पर ऑक्सीजन मास्क लगाए हुए टैबलेट पर फिल्म देख रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है। जनसत्ता वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। महिला का नाम अनंतलक्ष्मी है, वे आंध्र प्रदेश की रहने वाली हैं।

अनंतलक्ष्मी की ब्रेन की सर्जरी काकीनंदा के सरकारी जनरल अस्पताल में हो रही है। इस समय वे जूनियर एनटीआर की फिल्म अधुर्स देख रही थीं। इनका ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। एक्स पर वायरल पोस्ट के अनुसार, अनंतलक्ष्मी की सर्जरी “अवेक क्रैनियोटॉमी” प्रक्रिया के तहत हुई। मतलब वे सर्जरी के समय ऑपरेशन टीम से बात कर सकती थीं। वे ऑपरेशन के समय सचेत अवस्था में थीं। अनंतलक्ष्मी के ब्रेन के बाईं ओर 3.3 x 2.7 सेमी का ट्यूमर था। डॉक्टर इसी को निकालने के लिए ऑपरेशन कर रहे थे।

वायरल वीडियो में महिला को ऑक्सीजन मास्क लगाए हुए देखा जा सकता है। उनके शरीर पर सर्जिकल तार लगाए गए हैं। इस समय उन्हें टैबलेट पर फिल्म देखते हुए दिखाया गया है। जानकारी के अनुसार, टोंडांगी मंडल की रहने वाली महिला ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित थीं। इस कारण उनके सिर में लगातार दर्द रहता था। उनके दाहिने हाथ और पैर में सुन्न हो जाते थे। उन्हें कमजोरी महसूस होती थी। @TeluguScribe नामक यूजर ने एक्स पर लिखा है, “एनटीआर अधुर्स फिल्म दिखाते हुए ब्रेन सर्जरी करने वाले डॉक्टर।”

डॉक्टरों ने किया सफल ऑपरेशन

”एक्स पोस्ट में कहा गया है “ढाई घंटे तक चला ऑपरेशन सफल रहा। डॉक्टरों का कहना है कि महिला को पांच दिन में छुट्टी मिल सकती है। काकीनाडा सरकारी जनरल अस्पताल में ऐसी सर्जरी की सफलता के लिए सभी ने डॉक्टरों को बधाई।”

इसी तरह की एक घटना 2017 में हुई थी, जब आंध्र प्रदेश के गुंटूर में ब्रेन सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने एक 45 साल की महिला को बाहुबली 2 देखने को कहा था। एएनआई के मुताबिक, डॉक्टरों ने फैसला किया कि सर्जरी के दौरान मरीज अपनी आवाज को सकती है। आवाज बचाने के लिए महिला का सचेत रहना जरूरी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मरीज को सचेत रहने के लिए उसके बगल में एक लैपटॉप रखा गया था। डॉक्टरों ने महिला को ब्लॉकबस्टर फिल्म बाहुबली का एक गाना गाने के लिए भी कहा था।