ईडी और सीबीआई को लेकर आम आदमी पार्टी और बीजेपी आमने-सामने है। इस विषय पर एक टीवी चैनल से बात कर रहे आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग भी बीजेपी में शामिल हो जाते हैं, उन पर सीबीआई और ईडी कोई कार्रवाई नहीं करती है।

एंकर ने किए ऐसे सवाल

‘आज तक’ न्यूज़ चैनल के कार्यक्रम ‘थर्ड डिग्री’ में पहुंचे संजय सिंह से एंकर श्वेता सिंह ने पूछा कि आप लोग बीजेपी पर विधायक खरीदने का आरोप लगा रहे हैं, इसका सबूत कहां है? इसके जवाब में संजय सिंह ने महाराष्ट्र का जिक्र करते हुए कहा कि, ‘वहां पर भी यह लोग कह रहे थे कि एकनाथ शिंदे के साथ हमारी कोई बातचीत नहीं है लेकिन कुछ ही दिन बाद इन्होंने सरकार बना ली।’

संजय सिंह ने भाजपा पर किया कटाक्ष

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए संजय सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र में अब खोखा – खोखा हो रहा है, यह भारतीय खोखा पार्टी है। इन्होंने अरुणाचल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और गोवा में तोड़कर सरकार बनाई। संजय सिंह ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुकुल रॉय पर कितने आरोप लगाए गए थे लेकिन बाद में उन्हें बीजेपी का उपाध्यक्ष बना दिया गया। वह पवित्र हो गए। उन्होंने कई नेताओं का नाम लेते हुए बीजेपी पर जमकर हमला बोला।

संजय सिंह ने शेयर किया वीडियो

अपने सोशल मीडिया हैंडल से इस वीडियो को शेयर कर संजय सिंह लिखते हैं, ‘जो अपनी पार्टी को धोखा देकर ‘भारतीय खोका पार्टी’ में शामिल हो जाता है। उसके मामले में ईडी और सीबीआई बोका हो जाता है।’ संजय सिंह द्वारा शेयर किए गए वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देते नजर आ रहे हैं। कुछ लोगों ने उनका समर्थन किया है तो वहीं कुछ लोगों ने तंज कसते हुए कमेंट किया।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

रवि जैन नाम के ट्विटर यूजर लिखते हैं कि आम आदमी पार्टी के एमपी हैं, बीजेपी में शामिल होने वालों के विरुद्ध का मामला है तो अदालत क्यों नहीं जाते? दीप कुमार नाम के एक ट्विटर यूजर कमेंट करते हैं – आपको बहुत खोका खाओ और भूखा के बीच का अंतर पता है। ऐसा इसलिए क्योंकि आपने बहुत खोखा कमाया है और दिल्ली की जनता को भूखा बना दिया। विष्णु रावल नाम के एक यूजर ने लिखा – बीजेपी के लोग हर राज्य में अपनी सरकार बनाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं।