सोशल मीडिया पर काफी ऐक्टिव रहने वाले महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने अफ्रीकन कंट्री के बच्चों के नाचने का एक वीडियो ट्वीट करके क्रिसमस की शुभकामनाएं दी है। वीडियो को शेयर करते हुए आनंद महिंद्रा ने लिखा कि खुशियों के कारखाने के लिए पूंजी की जरूरत नहीं पड़ती है।
आनंद महिंद्रा की तरफ से शेयर किए गए इस वीडियो में बच्चे नाचते-गाते हुए क्रिसमस का त्यौहार मनाते दिख रहे हैं। उन्होंने वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा- “एक वीडियो एक मिलियन शब्दों के बराबर है। हैप्पीनेस फैक्ट्री को पूंजी की आवश्यकता नहीं है। आप सभी को क्रिसमस की बधाई”।
वीडियो में दिख रहा है कि बच्चों के पास कोई वाद्ययंत्र नहीं है। लकड़ी के की-बोर्ड, प्लास्टिक के डब्बों को ड्रम की तरह इस्तेमाल, पानी के बोतलों को माइक बनाकर बच्चे संगीत पर झूमते दिख रहे हैं। दो मिनट 20 सेंकेंड के इस वीडियो में काफी सारे बच्चे म्यूजिक पर झूम रहे हैं। छोटे बच्चों से लेकर किशोर तक इस वीडियो में दिख रहे हैं।
वीडियो को अबतक 1 लाख 63 हजार से ज्यादा लोग देख चुके हैं। हजारों लाइक और काफी संख्या में लोग इस वीडियो को रिट्वीट भी कर चुके हैं। यह पहली बार नहीं है जब आनंद महिंद्रा ने इस तरह का वीडियो शेयर किया हो। इससे पहले तन्जानिया के एक भाई-बहन का वीडियो भी इन्होंने शेयर किया था, जिसमें वो बॉलीवुड के एक गाने को गाते हुए डांस कर रहे थे। यह वीडियो भी काफी वायरल हुआ था।
तब आनंद महिंद्रा ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा था कि वो भी इस भाई-बहन की जोड़ी के फैन कल्ब में शामिल हो गए हैं। उनके भाव और भावनाओं ने उनका उत्साह बढ़ा दिया था। बता दें कि आनंद महिंद्रा इस तरह के वीडियो के अलावा और भी इनोवेटिव और इंजीनियरिंग से संबंधित वीडियो शेयर करते रहे हैं।
वीडियो शेयर करने के साथ-साथ आनंद महिंद्रा लोगों की मदद भी करते रहे हैं। कभी किसी की पढ़ाई का खर्चा उठाते दिखे हैं तो कभी किसी को अपनी कंपनी की गाड़ी देते हुए देखे गए हैं।