केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रोहिंग्या को लेकर एक बयान दिया। जिसके बाद सियासी पारा गर्म हो गया। विपक्षी दलों के साथ आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद भी केंद्र सरकार के इस फैसले से नाराज हो गया। इसको लेकर गृह मंत्रालय से सफाई दी गई। इस मसले पर एंकर अमन चोपड़ा ने एक ट्वीट किया। जिस पर आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बालियान ने तंज कसते हुए सवाल किया।

अमन चोपड़ा ने किया यह पोस्ट

एंकर अमन चोपड़ा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, ‘रोहिंग्याओं को नयी लोकेशन पर शिफ़्ट करने का प्रस्ताव दिल्ली सरकार का था। MHA ने दिल्ली सरकार को कहा कि वो जहां हैं वहीं रहेंगे क्योंकि उनकी deportation की प्रक्रिया चल रहा है। दिल्ली सरकार ने MHA के कहने के बाद भी अब तक उनकी मौजूदा जगह को detention centre घोषित नहीं किया है।’

आप नेता ने यूं कसा तंज

आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बालियान ने एंकर द्वारा किए गए ट्वीट पर सवाल किया कि बेल पे बाहर आने वाले चोपड़ा जी, ये बताओ की हरदीप पूरी दिल्ली सरकार का विधायक है या केंद्र सरकार का मंत्री? अब रायता फैल चुकी है।नही समटा जायेगा। एंकर और आम आदमी पार्टी के नेता के बीच हुई नोकझोंक पर आम सोशल मीडिया यूजर्स भी अपने रिएक्शन देने में पीछे नहीं रहे।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

सिद्धार्थ नाम के एक ट्विटर यूजर ने हरदीप सिंह पुरी के पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर कर अमन चोपड़ा से पूछा कि ये दिल्ली सरकार के मंत्री हैं क्या? अजय कटियार नाम के ट्विटर यूजर कमेंट करते हैं, ‘इस पर भी कुछ लोग मास्टर स्ट्रोक शो बनाने लगेंगे, अरे महाराज इतना भी मत हद कर दीजिए।’ विक्रम नाम के एक यूजर कमेंट करते हैं कि दिल्ली के रोहिंग्या मुसलमानों को देश से निकालने के लिए दिल्ली की जनता को ही सड़क पर आना होगा, ये सरकारें कुछ नहीं करने वाली हैं।

हरदीप सिंह पुरी ने किया था ऐसा ट्वीट

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट कर कहा था कि भारत ने हमेशा उन लोगों का स्वागत किया है जिन्होंने देश में शरण मांगी है। एक ऐतिहासिक फैसले में सभी रोहिंग्या शरणार्थियों को दिल्ली के बक्करवाला इलाके में ईडब्ल्यूएस फ्लैटों में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। उन्हें मूलभूत सुविधाएं, यूएनएचसीआर आईडी और चौबीसों घंटे सुरक्षा प्रदान की जाएगी। जानकारी के लिए बता दें कि हरदीप सिंह पुरी के इस ट्वीट पर गृह मंत्रालय ने सफाई देते हुए कहा कि इस तरह की कोई भी योजना नहीं लाई जा रही है।