बिलकिस बानो रेप केस में सभी दोषियों को जेल से रिहा कर दिया गया है। दोषियों के जेल से बाहर आने के बाद कुछ लोगों ने उनका स्वागत करके मिठाई खिलाई। बिलकिस बानो के दोषियों को रिहा किए जाने को लेकर विपक्षी दलों ने गुजरात सरकार पर कई तरह के सवाल उठाए हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने एक ट्वीट किया। जिस पर लोगों ने तरह-तरह के लिए रिएक्शन दिए।

अखिलेश यादव का ट्वीट

समाजवादी पार्टी के मुखिया की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया कि बलात्कारियों का स्वागत करना इंसाफ का बलात्कार है। अखिलेश द्वारा किए गए ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) का एक पुराना बयान याद दिला रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया यूजर्स ने सपा प्रमुख की बातों का समर्थन करते हुए बीजेपी पर जमकर हमला बोला है।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

प्रमोद सिंह नाम के एक ट्विटर यूजर कमेंट करते हैं कि लड़कों से गलती हो जाती है, इस तरह का बयान तो आपके पिताजी ने ही दिया था। इसलिए बेटा तुम तो कुछ बोलो ही मत। पीएन राय नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा – लड़के हैं, बलात्कार जैसी गलती हो जाती है। नेताजी का बोलना इंसाफ का सत्कार है, क्यों? आतंकवादियों को रिहा करने का आदेश देना इंसाफ का तकाजा है, क्यों? बोलने से पहले अपना इतिहास पढ़ लिया करिए। हृदय पांडे नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘आप की सरकार में तो गायत्री प्रजापति जैसे बलात्कारी को मंत्री बनाया गया था।’

भूपेंद्र झा नाम के ट्विटर यूजर लिखते हैं कि दीपू भैया, आपके पूज्य पिताजी के अनुसार तो बच्चों से गलतियां हो जाती हैं। सूरज त्रिपाठी नाम के एक यूज़र द्वारा लिखा गया – आप बिल्कुल सही बात कह रहे हैं, इस मसले पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी क्यों कुछ नहीं बोल रही हैं? हैदर अली नाम के एक टि्वटर यूजर ने अखिलेश पर तंज कसते हुए लिखा, ‘ गैर जरूरी खबर शेयर करने वाले अखिलेश यादव को आज 8 दिन बाद पता चला कि बलात्कार करने वालों का स्वागत किया गया है और आरती की गई। क्योंकि पीड़िता मुस्लिम और रेपिस्ट ब्राह्मण हैं।

रेप पर मुलायम सिंह यादव ने दिया था ऐसा बयान

2014 में मुलायम सिंह यादव ने मुरादाबाद की एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि लड़कियां पहले दोस्ती करती हैं, लड़के – लड़की में मतभेद हो जाता है। मतभेद होने के बाद उसे रेप का नाम दे देती हैं, लड़कों से गलतियां हो जाती हैं। क्या रेप केस में फांसी दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि हमारी सरकार आएगी तो कानून बदलेंगे, ऐसे कानूनों को बदलने की कोशिश की जाएगी। दुरुपयोग करने पर सजा दी जाएगी और झूठ बोलने वालों को भी सजा मिलेगी।