UP Elections 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सत्ता पर काबिज होने के लिए राजनैतिक दल जोर – शोर से प्रचार करने में लगे हुए हैं। चुनाव प्रचार करने बुलंदशहर पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव, आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का काफिला एक दूसरे के सामने आ गया। आमने सामने आने के बाद नेताओं ने एक – दूसरे का अभिवादन भी किया। इसको लेकर सोशल मीडिया यूजर्स कई तरह की प्रतिक्रिया देने लगे।
कुछ सोशल मीडिया यूजर्स कमेंट करने लगे कि इस तरह की तस्वीर आती रहनी चाहिए। वहीं कुछ यूज़र ने लिखा कि बीजेपी को इससे सीख लेनी चाहिए। अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने भी इस वीडियो पर कमेंट किया है। एक यूजर ने लिखा कि राजनीति में मतभेद होने चाहिए लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए। कांग्रेस नेता श्रीनिवास ने लिखा कि ये है टिपिकल यूपी टाइप तहजीब। लोकतंत्र की एक खूबसूरत तस्वीर।
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने लिखा कि राजनीति में प्रतिद्वंदी होते हैं, दुश्मन नहीं। मतभेद होते हैं, मनभेद नहीं। यह हम सब यूपी टाइप वालों की तहजीब और शिष्टाचार है। कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने लिखा की इसे राजनीति की शुचिता कहते हैं, जो श्रीमती प्रियंका गांधी जी और श्री अखिलेश यादव जी और जयंत चौधरी जी में है पर किसी भाजपा नेता में नहीं है।
पूर्व आईएएस सूर्य प्रताप सिंह ने कमेंट किया कि राजनैतिक शिष्टाचार का नायाब नमूना। अखिलेश यादव व प्रियंका गांधी ने एक रोड शो के दौरान एक दूसरे को हाथ हिलाकर अभिवादन किया। उधर बाबा रोजाना गाली गलौज पर उतारू रहते हैं। अनिरुद्ध सिंह नाम के एक यूजर ने कमेंट किया कि इस तरह की तस्वीर योगी आदित्यनाथ की तरफ से क्यों नहीं आती, लगता है उन्होंने शिष्टाचार से संन्यास लिया था।
शहजाद अहमद नाम के एक यूजर ने लिखा कि शानदार, चुनावी कड़वाहट के बीच सुकून देने वाली तस्वीर। आशीष कुमार सिंह नाम के ट्विटर हैंडल से कमेंट किया गया – गजब। राम राम, दुआ सलाम सब हो गया। मौसमी सिंह नाम की यूजर लिखती हैं कि राजनीति में कोई चीज इत्तेफाक से हो जाती है या होने दी जाती है।