उत्तर प्रदेश में इस वक्त सियासी पारा चढ़ा गया है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा है कि अगर स्वामी प्रसाद मौर्या के पास 100 विधायकों का समर्थन है और हिम्मत है तो आज जाए, समाजवादी पार्टी उनका समर्थन कर देगी और वो मुख्यमंत्री बन जाएं। अखिलेश यादव के इस ऑफर पर स्वामी प्रसाद मौर्या ने जवाब दिया है, साथ ही उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने भी तंज कसा है।

अखिलेश यादव को केशव प्रसाद मौर्या ने दिया ये जवाब

अखिलेश यादव के ऑफर पर केशव प्रसाद मौर्या ने लिखा कि वो एक सामंतवादी मानसिकता के बन चुके हैं। समाजवादी पार्टी नाम की कोई पार्टी नहीं है। एक परिवार की पार्टी है। उनके दावे में कोई दम नहीं है। भाजपा अपने आप में इतनी मजबूत पार्टी है, जिसको किसी के सहारे की जरूरत नहीं है। हमारे गठबंधन के जो साथी हैं, वो हमारे साथ हैं। उनके साथ मिलकर हम सरकार चला रहे हैं। वे अपने 100 विधायक बचाएं। वो सब भाजपा में आने को तैयार हैं।

यूपी भाजपा अध्यक्ष ने दी अखिलेश को नसीहत

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने ट्वीट किया कि केशव जी संगठन के, पार्टी के प्रमाणित एवं भाजपा की विचारधारा के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं। वह सदैव हमरे साथ रहेंगे, किसी स्वार्थ में पड़ने वाले नेता नहीं है। वह अखिलेश यादव को चलाएंगे, अखिलेश यादव उन्हें क्या चला पाएंगे। अखिलेश यादव तो अपने गठबंधन की, अपने परिवार की, अपनी पार्टी की, अपने विधायकों की भी चिंता कर लें क्योंकि उनके विधायक हमारे संपर्क में हैं।

भाजपा नेता संजय राय ने लिखा कि श्री अखिलेश यादव 2017, 19 और 22 में कांग्रेस सहित अलग-अलग पार्टियों से गठबंधन करते रहे हैं, जिससे प्रतीत होता वो एक कन्फ्यूज्ड नेता हैं, स्वयं तो कुछ बन नहीं पा रहे, चलें हैं दूसरे को बनाने। @meamitsaifai15 यूजर आईडी से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को जवाब देते हुए लिखा गया कि अच्छी बात हैं न भूपेंद्र जी, सपा विधायक आपके संपर्क हैं तो तोड़ लो, कौन सा अखिलेश जी की सरकार जाने का खतरा हैं।

बता दें कि अखिलेश यादव और केशव प्रसाद मौर्या के बीच अक्सर जुबानी जंग चलती रहती है। अब अखिलेश यादव ने केशव प्रसाद मौर्या को सीएम बनाने का ऑफर देते हुए कहा कि जो बिहार में हुआ वो यूपी में क्यों नहीं हो सकता है। केशव प्रसाद मौर्या ने अखिलेश के इस ऑफर को नकार दिया और उल्टा अखिलेश यादव को अपने विधायकों को बचाने की नसीहत दे डाली।