ISRO Aditya L1 launching: चंद्रमा पर चंद्रयान उतार कर ISRO ने इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि के कुछ ही दिन बाद अब ISRO ने सूर्य से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए मिशन Aditya-L1 लांच किया है। आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से Aditya-L1 को लांच किया गया। सफलतापूर्वक आदित्य-एल1 मिशन लॉन्च होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग ISRO को खूब बधाई दे रहे हैं।
125 दिनों में तय करेगा 15 लाख किलोमीटर की दूरी
Aditya-L1 के जरिये तूफानों के आने की वजह, सौर लहरों और उनका धरती के वायुमंडल पर क्या असर होता है, इसकी जानकारी एकत्रित करने की कोशिश है। आदित्य सूरज से निकलने वाली गर्मी और गर्म हवाओं की भी स्टडी करेगा। आदित्य एल1’ के 125 दिनों में लगभग 15 लाख किलोमीटर की दूरी तय कर लैग्रेंजियन बिंदु ‘एल1’ के आसपास हेलो कक्षा में स्थापित होने की उम्मीद है।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी ISRO को बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ट्विटर अकाउंट से ISRO को बधाई देते हुए लिखा गया, “भारत के पहले सौर मिशन, आदित्य-एल1 का प्रक्षेपण एक ऐतिहासिक उपलब्धि है जो भारत के स्वदेशी अंतरिक्ष कार्यक्रम को एक नए पथ पर ले जाती है। इससे हमें अंतरिक्ष और खगोलीय घटनाओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। मैं इसरो वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई देती हूं इस असाधारण उपलब्धि के लिए। मिशन की सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएँ।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा, “चंद्रयान-3 की सफलता के बाद भारत ने अपनी अंतरिक्ष यात्रा जारी रखी है। भारत के पहले सौर मिशन, आदित्य -एल1 के सफल प्रक्षेपण के लिए हमारे वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई। संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए ब्रह्मांड की बेहतर समझ विकसित करने के लिए हमारे अथक वैज्ञानिक प्रयास जारी रहेंगे।”
अन्य लोगों की प्रतिक्रियाएं
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लिखा, “ISRO को बहुत बहुत बधाई। सूर्य का अध्ययन करने के भारत के महत्वाकांक्षी मिशन #AdityaL1 के बेहद सफल प्रक्षेपण। पूरा देश बेहद उत्साहित है और अपने सुपर वैज्ञानिकों पर बेहद गर्व महसूस कर रहा है। इसके सभी उद्देश्यों को पूरा करने की कामना। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लिखा, “सूर्य देव को नमस्कार…. #AdityaL1 के लॉन्च के साथ हमारी उपलब्धि में एक और उपलब्धि जोड़ने पर इसरो को बधाई। यह मिशन आज के भारत की भावना को दर्शाता है, जो महत्वाकांक्षी लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निडर है।”
बता दें कि चंद्रयान की सफलता की बाद अब एक बार फिर ISRO ने महत्वपूर्ण मिशन AdityaL1 लांच कर दिया है। इस पर सोशल मीडिया पर लोग ख़ुशी जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि अभी चंद्रयान की ख़ुशी कम भी नहीं हुई थी एक और खुशखबरी आ गई।